पुरुषोत्तम मास में वन बंधु महिला परिषद का भव्य अन्नदान आयोजन, 500 लोगों को कराया भोजन
शिलचर, 20 मई।
पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर वन बंधु महिला परिषद द्वारा मंगलवार को हॉस्पिटल रोड स्थित हनुमान मंदिर प्रांगण में विशाल अन्नदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था और सेवा भावना से ओतप्रोत इस आयोजन में लगभग 500 लोगों को प्रेमपूर्वक भोजन कराया गया।
शास्त्रों में पुरुषोत्तम मास को दान-पुण्य और सेवा कार्यों के लिए अत्यंत शुभ एवं फलदायी माना गया है। “अन्नदानं महादानं” की पवित्र भावना को आत्मसात करते हुए परिषद की सदस्यों ने समाजसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं एवं जरूरतमंदों के लिए पूरी, सब्जी और हलवे का प्रसाद वितरित किया गया।
वन बंधु महिला परिषद की सभी सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। पूरे कार्यक्रम के दौरान सेवा, सहयोग और समर्पण का भाव स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
परिषद की ओर से कहा गया कि इस प्रकार के सामाजिक एवं धार्मिक आयोजन समाज में मानवता, सेवा और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न होने पर उपस्थित लोगों ने परिषद के इस प्रयास की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य जारी रखने की अपेक्षा व्यक्त की।
विनीता खंडेलवाल
मीडिया प्रभारी
वन बंधु महिला परिषद