यूएन वीमेन के ‘शी लीड्स’ कार्यक्रम में शामिल हुईं बलिया की स्मृति सिंह

यूएन वीमेन के ‘शी लीड्स’ कार्यक्रम में शामिल हुईं बलिया की स्मृति सिंह
बलिया। सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय बलिया की भाजपा नेत्री एवं पूर्व ग्राम प्रधान रतसरकला स्मृति सिंह ने संयुक्त राष्ट्र की संस्था UN Women द्वारा आयोजित “शी लीड्स” कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। लखनऊ स्थित आईटीसी ग्रुप के पांच सितारा होटल में आयोजित तीन दिवसीय आवासीय कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से चयनित महिलाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम में उत्तराखंड की पूर्व राज्यपाल एवं महिला कल्याण मंत्री Baby Rani Maurya समेत कई महिला विधायक, उद्यमी और विभिन्न क्षेत्रों की ख्यातिप्राप्त हस्तियां मौजूद रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला नेतृत्व को प्रोत्साहित करना तथा सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्रों में महिलाओं की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करना था।
इस अवसर पर स्मृति सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा महिला आरक्षण विधेयक पारित कर महिलाओं को राजनीति एवं नीति निर्माण में नई भागीदारी देने की दिशा में ऐतिहासिक पहल की गई है। उन्होंने कहा कि यूएन वीमेन का “शी लीड्स” कार्यक्रम महिला नेतृत्व सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
स्मृति सिंह ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान उन्हें सामुदायिक सहभागिता, महिला सशक्तिकरण और जमीनी स्तर पर किए जा रहे कार्यों को व्यापक सामाजिक एवं नीतिगत दृष्टिकोण से समझने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को नेतृत्व, संवाद और निर्णय प्रक्रिया में सशक्त भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हैं।
उल्लेखनीय है कि स्मृति सिंह इससे पूर्व देश के विभिन्न हिस्सों में आयोजित प्रतिष्ठित सरकारी, गैरसरकारी संस्थाओं एवं विश्वविद्यालयों के कार्यक्रमों में सहभागिता कर चुकी हैं। उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्यपाल Anandiben Patel तथा मुख्यमंत्री Yogi Adityanath सहित विभिन्न मंचों पर सम्मानित किया जा चुका है। वर्तमान में वह शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और सामुदायिक नेतृत्व जैसे मुद्दों पर सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं।

Leave a Comment