दिरियाल चाय बागान में दर्दनाक अग्निकांड की घटना
दिलीप साह, दुलियाजान प्रेरणा भारती, ६ मई :-दुलियाजान के दिरियाल चाय बागान के 1 नंबर गुलीमरा मैं आज एक दर्दनाक अग्निकांड की घटना सामने आई है। इस भीषण आग में एक वृद्ध महिला जिंदा जलकर मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिरियाल चाय बागान के 1 नंबर गुलिमारा क्षेत्र में रहने वाली करीब 60 वर्षीय अर्जिना उरांग के घर में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही पलों में पूरा घर जलकर खाक हो गया।
बताया जा रहा है कि घटना के समय वृद्ध महिला घर में अकेली थीं। आग की लपटों से घिर जाने के कारण वह बाहर निकल नहीं पाईं और मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की खबर मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। हालांकि, दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले ही सब कुछ जलकर राख हो चुका था।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में मातम छाया हुआ है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। वहीं, मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया जारी है।