विश्व श्रमिक दिवस पर बराक चाय श्रमिक यूनियन का आयोजन, मजदूर एकता का दिया संदेश
शिलचर, 1 मई : विश्व श्रमिक दिवस के अवसर पर बराक चाय श्रमिक यूनियन कार्यालय में गुरुवार को एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत यूनियन के साधारण सम्पादक राजदीप ग्वाला द्वारा श्रमिक दिवस का झंडा फहराकर की गई। इसके बाद मई दिवस के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में यूनियन के मार्गदर्शक डॉ. संतोष रंजन चक्रवर्ती, सह साधारण सम्पादक बाबुल नारायण कानू, सम्पादक सुरेश बोडाइक तथा सह सम्पादक दुर्गेश कुर्मी ने 1886 में अमेरिका के शिकागो के हे मार्केट में हुए ऐतिहासिक श्रमिक आंदोलन की विस्तार से चर्चा करते हुए उसके महत्व पर प्रकाश डाला।
अपने संबोधन में साधारण सम्पादक राजदीप ग्वाला ने मई दिवस की ऐतिहासिक अहमियत बताते हुए श्रमिक आंदोलन में शहीद हुए मजदूरों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने बराक घाटी के सभी चाय श्रमिक भाई-बहनों से एकता बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यूनियन के निर्देशानुसार बराक वैली के सभी चाय बागानों में मई दिवस मनाया जा रहा है तथा प्रत्येक वर्ष बागान पंचायतों की देखरेख में यह आयोजन संपन्न होता है।
उन्होंने यूनियन के पदाधिकारियों, एग्जीक्यूटिव एवं जनरल काउंसिल सदस्यों, कार्यालय कर्मचारियों, बागान पंचायत प्रतिनिधियों, विभिन्न चाय बागानों के श्रमिकों तथा उपस्थित अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
बैठक का संचालन करते हुए बाबुल नारायण कानू ने कहा कि यूनियन के सह साधारण सम्पादक सनातन मिश्रा और रवि नुनिया ने भी मजदूरों से संगठित रहने और श्रमिक हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने की अपील की।
इस अवसर पर लालन प्रसाद ग्वाला, अनूप वर्मा, किशोर रविदास, अरिजीत तांती, उषा सिंह, मधुमिता पटोआ, नंद किशोर तिवारी, सुभाष बाक्ती, प्रताप कुर्मी, विशुद्धानंद महतो, सुदीप ग्वाला, प्रणबानंद आचार्य, डॉ. वरुण कानू, दुलाल पाल, राजू लस्कर, शिवचरण रविदास, विजय बाउरी, रूपा सिंह, मीता री, राहुल कानू सहित बड़ी संख्या में यूनियन सदस्य एवं श्रमिक उपस्थित थे।