महिला कॉलेज शिलचर के एचएस परीक्षा परिणाम में उल्लेखनीय सुधार, प्राचार्य ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को दी बधाई

शिलचर, 28 अप्रैल : महिला कॉलेज शिलचर में हायर सेकेंडरी (एचएस) परीक्षा 2026 के परिणामों को लेकर उत्साह का माहौल है। कॉलेज के कला एवं वाणिज्य संकाय के विद्यार्थियों ने इस वर्ष उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता का नया रिकॉर्ड स्थापित किया है।
कॉलेज प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, कला संकाय में 72.87 प्रतिशत तथा वाणिज्य संकाय में 73.08 प्रतिशत छात्र-छात्राएं सफल हुए हैं। विशेष बात यह है कि वर्ष 2024 में जहां कुल सफलता प्रतिशत लगभग 45 प्रतिशत था, वहीं मात्र दो वर्षों में यह बढ़कर 73 प्रतिशत तक पहुंच गया है। इस उल्लेखनीय प्रगति को कॉलेज के शैक्षणिक वातावरण, शिक्षकों की मेहनत और विद्यार्थियों के समर्पण का परिणाम माना जा रहा है।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुजीत तिवारी ने सभी सफल विद्यार्थियों, अभिभावकों तथा शिक्षकों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह परिणाम पूरे कॉलेज परिवार के सामूहिक प्रयास और निरंतर मेहनत का प्रतिफल है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में महिला कॉलेज सिलचर शिक्षा के क्षेत्र में और भी बेहतर उपलब्धियां हासिल करेगा।
कॉलेज परिसर में विद्यार्थियों के बीच खुशी का माहौल देखा गया तथा शिक्षकों ने भी इस सफलता को संस्थान के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।