शिलचर वन बंधु परिषद महिला समिति की प्रथम वन यात्रा एवं बैठक सफलतापूर्वक संपन्न

शिलचर वन बंधु परिषद महिला समिति की प्रथम वन यात्रा एवं बैठक सफलतापूर्वक संपन्न

शिलचर, 21 अप्रैल।

शिलचर वन बंधु परिषद महिला समिति द्वारा वर्ष 2026–27 की नवगठित समिति की पहली वन यात्रा एवं बैठक का आयोजन 11 अप्रैल 2026 को किया गया। यह यात्रा शिलचर से लगभग 90 किलोमीटर दूर स्थित नीलाम बाजार क्षेत्र में संपन्न हुई, जिसमें समिति की सक्रिय भागीदारी और सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

सुबह 10 बजे शिलचर से रवाना होकर दल श्रीभूमि पहुंचा, जहां स्थानीय समिति के सदस्यों, अंचल अध्यक्ष एवं अभियान प्रमुख के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक के दौरान अभियान प्रमुख ने सभी सदस्यों का परिचय कराया तथा विभिन्न गतिविधियों और आगामी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर शिलचर समिति की ओर से स्थानीय इकाई को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया गया। साथ ही नियमित बैठकों के आयोजन एवं गांवों को स्वावलंबी बनाने की दिशा में ठोस प्रयासों पर विशेष बल दिया गया।

बैठक के उपरांत सभी सदस्यों ने सामूहिक नाश्ता किया और तत्पश्चात नीलाम बाजार के लिए प्रस्थान किया। वहां स्थित एक विद्यालय में पहुंचने पर बच्चों ने पारंपरिक तरीके से अतिथियों का स्वागत किया। विद्यालय में कुल 25 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं और रजिस्टर का सुव्यवस्थित रख-रखाव देखने को मिला। बच्चों ने भजन एवं दोहों की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को भावपूर्ण बना दिया। नव नियुक्त शिक्षक के नेतृत्व में विद्यालय का संचालन संतोषजनक पाया गया।

इस दौरान समिति की ओर से बच्चों को खाद्य सामग्री एवं लंच बॉक्स वितरित किए गए। साथ ही आचार्यों एवं अभियान प्रमुख को सम्मान स्वरूप उपहार भेंट किए गए।

सभी कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न होने के पश्चात समिति के सदस्य रात्रि 9:30 बजे शिलचर वापस लौटे।

उक्त जानकारी महिला समिति की मीडिया प्रभारी श्रीमती विनीता खंडेलवाल द्वारा प्रदान की गई।

Leave a Comment