प्रसूता की मौत पर भड़का आक्रोश, शिलचर मेडिकल कॉलेज में देर रात तनावपूर्ण स्थिति
शिलचर मेडिकल कॉलेज में एक प्रसूता की मौत को लेकर रविवार देर रात तनावपूर्ण माहौल बन गया। मृतका की पहचान सुजला दास के रूप में हुई है, जो कछार जिले के गुमड़ा क्षेत्र अंतर्गत सरसपुर गांव की निवासी थीं।
परिवार के अनुसार, प्रसव पीड़ा शुरू होने पर सुजला दास को पहले कलाईन क्षेत्र के एक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था। वहां उनकी स्थिति बिगड़ने पर उन्हें शिलचर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां उन्हें भर्ती कर इलाज शुरू किया गया।
परिजनों का आरोप है कि प्रसव के बाद अचानक उनकी तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ गई, लेकिन इस बारे में परिवार को समय पर और स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। साथ ही उपचार में लापरवाही बरतने का भी आरोप लगाया गया है। बाद में हालत नाजुक होने पर उन्हें आईसीयू में स्थानांतरित किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
घटना की खबर फैलते ही मृतका के परिजन और स्थानीय लोग अस्पताल परिसर में इकट्ठा होकर विरोध प्रदर्शन करने लगे, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला।
परिवार ने संबंधित चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक अस्पताल प्रशासन की ओर से इस घटना पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।