उधारबंद में भाजपा को मिल रहा जनसमर्थन, राजदीप ग्वाला बोले—“जनता के स्नेह से अभिभूत हूं”

उधारबंद में भाजपा को मिल रहा जनसमर्थन, राजदीप ग्वाला बोले—“जनता के स्नेह से अभिभूत हूं”

उधारबंद, 07 अप्रैल।
उधारबंद विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी राजदीप ग्वाला ने कहा कि क्षेत्रवासियों से मिल रहे अपार स्नेह और समर्थन से वे बेहद अभिभूत हैं। सोमवार को उधारबंद स्थित ईस्टर्न कंक्रीट इंडस्ट्री के समीप मैदान में विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं के भाजपा में शामिल होने के अवसर पर आयोजित सभा में उन्होंने भावुक स्वर में यह बात कही।

राजदीप ग्वाला ने कहा कि पार्टी द्वारा उन्हें उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद विपक्षी कांग्रेस सहित अन्य दलों ने उन्हें “बाहरी” बताकर विवाद खड़ा करने की कोशिश की। लेकिन उधारबंद की जनता ने उन्हें अपने परिवार के सदस्य की तरह अपनाया, जिससे वे भावुक हो गए हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने क्षेत्र के दूर-दराज इलाकों और चाय बागानों तक जाकर लोगों से सीधा संवाद स्थापित किया है।

उन्होंने दावा किया कि उनकी जीत शत-प्रतिशत सुनिश्चित है, लेकिन चुनाव प्रचार के अंतिम दो दिन बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक बातों में न आएं और पहले मतदान करें, उसके बाद ही अन्य कार्य करें।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए ग्वाला ने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी ने पराजय स्वीकार कर ली है, यही कारण है कि वे चुनावी सभाओं में नजर नहीं आ रहे हैं। उन्होंने भाजपा में शामिल होने की प्रक्रिया का उल्लेख करते हुए कहा कि यह एक अनुशासित संगठन है, जहां सदस्यता के लिए मंडल स्तर से लेकर जिला स्तर तक विधिवत अनुमोदन आवश्यक होता है।

सभा को संबोधित करते हुए विधानसभा चुनाव प्रभारी विमलेंदु राय, संयोजक बिप्लब देव नाथ और प्रवासी प्रभारी बजरंग शुक्ला ने कहा कि पूरे क्षेत्र में भाजपा के पक्ष में मजबूत माहौल बन चुका है और चारों ओर “कमल” के समर्थन की लहर है।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष उमा शंकर भट्टाचार्य, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष दिव्य ज्योति गुप्ता चौधरी, जिला कार्यकारिणी सदस्य सुरेंद्र प्रसाद सिंह, सांसद एवं जिला प्रभारी कविता पाटीकर, प्रवासी प्रभारी सुनील शर्मा तथा अन्य कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों ने भाजपा का दामन थामा।

सभा के बाद राजदीप ग्वाला के समर्थन में “आशीर्वाद यात्रा” निकाली गई, जिसमें हजारों कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा और पार्टी नेतृत्व के समर्थन में जोरदार नारे लगाए गए। यह यात्रा उधारबंद के प्रमुख मार्गों से होती हुई श्री श्री कांचा कांति माता मंदिर के पास जाकर संपन्न हुई।

Leave a Comment