हाइलाकांदी में मुख्यमंत्री का जोरदार चुनावी अभियान विकास के चार बड़े ऐलान विपक्ष पर तीखा हमला
प्रीतम दास हाइलाकांदी ३ मार्च : आनेवाले विधानसभा चुनाव को लेकर हाइलाकांदी में राजनीतिक माहौल गर्म होता जा रहा है। इसी कड़ी में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए असम के मुख्यमंत्री हिम्मत विश्व शर्मा ने जोरदार चुनावी प्रचार किया। हाइलाकांदी विधानसभा क्षेत्र (१२१) से भाजपा उम्मीदवार मिलन दास के समर्थन में आयोजित यह जनसभा जनसैलाब में बदल गई।सभा स्थल पर सुबह से ही हजारों की संख्या में कार्यकर्ता, समर्थक और आम जनता जुटने लगी थी। मुख्यमंत्री के आगमन के साथ ही उत्साह चरम पर पहुंच गया। ढोल नगाड़ों, नारों, नृत्य और गीत-संगीत के साथ पूरा माहौल उत्सव में बदल गया। मुख्यमंत्री ने भी जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित करते हुए उत्साहपूर्ण अंदाज में प्रचार किया, जिससे उपस्थित लोगों में विशेष जोश देखा गया।अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने हाइलाकांदी के समग्र विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि भाजपा उम्मीदवार इस चुनाव में विजयी होते हैं, तो हाइलाकांदी को शिक्षा के एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके तहत एक आधुनिक इंजीनियरिंग कॉलेज, एक पूर्ण विकसित मेडिकल कॉलेज और एक विश्वविद्यालय की स्थापना की जाएगी। साथ ही, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक विशेष कैंसर अस्पताल भी स्थापित किया जाएगा। इन घोषणाओं पर सभा में मौजूद लोगों ने जोरदार तालियों के साथ स्वागत किया।इस दौरान मुख्यमंत्री विपक्ष पर भी जमकर बरसे। कांग्रेस उम्मीदवार राहुल राय पर तीखा हमला करते हुए उन्होंने कहा, ‘जो पुत्र अपने पिता का नहीं हो सकता, वह जनता का कैसे हो सकता है? उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में बहस तेज हो गई है और चुनावी माहौल और भी गर्म हो गया है।मुख्यमंत्री ने केवल बुनियादी ढांचे के विकास की ही बात नहीं की, बल्कि आम जनता के कल्याण के लिए भी कई योजनाओं की घोषणा की। उन्होंने बताया कि इस वर्ष महिला उद्यमियों को २५ हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें और छोटे व्यवसाय स्थापित कर सकें। इसके अलावा, राशन कार्ड धारकों को चावल, दाल और चीनी के साथ इस बार सरसों का तेल भी प्रदान किया जाएगा।अपने भाषण में मुख्यमंत्री ने विकास, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मतदाताओं से समर्थन की अपील की। उन्होंने दावा किया कि केवल भाजपा सरकार ही विकास की गति को आगे बढ़ा सकती है और हाइलाकांदी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकती है।कुल मिलाकर हाइलाकांदी की यह जनसभा भाजपा के चुनावी अभियान को नई गति देने वाली साबित हो रही है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि मुख्यमंत्री की घोषणाएं, विकास की रूपरेखा और विपक्ष पर किए गए तीखे हमले चुनाव परिणामों पर कितना प्रभाव डालते हैं।