स्टेशन रोड पर भक्ति की लहर: हनुमान जयंती पर भव्य आयोजन, हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति

स्टेशन रोड पर भक्ति की लहर: हनुमान जयंती पर भव्य आयोजन, हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति
प्रीतम दास हाइलाकांदी, २ अप्रैल:
हनुमान जयंती के अवसर पर हाइलाकांदी शहर के स्टेशन रोड स्थित हनुमान मंदिर में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी भक्ति, श्रद्धा और धार्मिक उत्साह के साथ यह पावन उत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया जा रहा है। सुबह होते ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ती है। हाथों में फूल, धूप और पूजन सामग्री लेकर भगवान हनुमान के चरणों में प्रार्थना अर्पित करने के लिए महिला पुरुष किशोर-किशोरी से लेकर बुजुर्ग तक सभी उपस्थित होकर पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण में बदल देते हैं।प्रातःकाल से ही विशेष पूजा-अर्चना हनुमान चालीसा का पाठ नाम संकीर्तन तथा भक्ति संगीत का आयोजन आरंभ हो जाता है। दिनभर चलने वाले इन धार्मिक कार्यक्रमों में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता है। मंदिर परिसर को आकर्षक रोशनी से सजाया गया है जो उत्सव के माहौल को और भी भव्य बना देता है।इस अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद वितरण का भी आयोजन किया गया, जिसमें लोगों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। स्टेशन रोड हनुमान मंदिर समिति के सचिव शांतनु देव ने बताया कि लगभग ५ से ७ हजार श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की गई है और सभी को प्रसाद मिले, यही उनका मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने इस सुंदर व्यवस्था के लिए प्रशासन की भूमिका की भी सराहना की।मंदिर समिति और स्वयंसेवकों के प्रयास से सभी कार्यक्रमों का संचालन पूरी अनुशासन और सुव्यवस्था के साथ किया गया। साथ ही, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा आवश्यक कदम उठाए गए जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।उल्लेखनीय है कि हाइलाकांदी शहर के कुल चार हनुमान मंदिरों में भी इस दिन श्रद्धा और धार्मिक गरिमा के साथ हनुमान जयंती मनाई गई जिससे पूरे शहर में उत्सव का माहौल बना रहा।

Leave a Comment