शिलचर में सुस्मिता देव की कोई राजनीतिक मौजूदगी नहीं: रूपम साहा का हमला
शिलचर, 26 मार्च: काछार जिला भाजपा अध्यक्ष रूपम साहा ने तृणमूल कांग्रेस की राज्यसभा सांसद सुस्मिता देव पर तीखा हमला करते हुए कहा कि शिलचर में उनकी कोई राजनीतिक मौजूदगी नहीं है। गुरुवार को शिलचर स्थित अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान साहा ने कहा कि सुस्मिता देव केवल बड़ी-बड़ी बातें करती हैं, जबकि जमीनी स्तर पर उनका कोई प्रभाव नहीं है।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि सुस्मिता देव का शिलचर में राजनीतिक आधार है, तो उन्होंने यहां से स्वयं चुनाव क्यों नहीं लड़ा और न ही किसी उम्मीदवार को मैदान में उतारा। साहा ने यह भी आरोप लगाया कि सुस्मिता देव खुद ही यहां “एंटी-इंकम्बेंसी” (सत्ता विरोधी माहौल) की बात कर रही हैं, जबकि वास्तविकता इससे अलग है।
दरअसल, एक दिन पहले सुस्मिता देव ने शिलचर में पत्रकारों से बातचीत में भाजपा उम्मीदवार डॉ. राजदीप राय के खिलाफ क्षेत्र में सत्ता विरोधी लहर होने का दावा किया था। इसी बयान के जवाब में रूपम साहा ने यह प्रतिक्रिया दी।
भाजपा जिला अध्यक्ष ने दावा किया कि काछार जिले की सभी विधानसभा सीटों पर इस बार भाजपा की जीत सुनिश्चित है। उन्होंने कहा कि पार्टी के उम्मीदवार 40 से 50 हजार वोटों के अंतर से जीत दर्ज करेंगे।
साहा ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि 60 वर्षों के शासनकाल में कांग्रेस ने कोई ठोस विकास कार्य नहीं किया। इसके विपरीत, पिछले 10 वर्षों में भाजपा सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों को देखकर कांग्रेस कार्यकर्ता असहज महसूस कर रहे हैं।