चुनावी आचार संहिता के तहत कड़ी निगरानी हाइलाकांदी में ५ लाख रुपये जब्त प्रशासन सक्रिय

चुनावी आचार संहिता के तहत कड़ी निगरानी हाइलाकांदी में ५ लाख रुपये जब्त प्रशासन सक्रिय
प्रतिनिधि हाइलाकांदी १९ मार्च:
आगामी विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से हाइलाकांदी जिले में प्रशासन की ओर से निगरानी और तलाशी अभियान को तेज कर दिया गया है। चुनावी अधिसूचना जारी होने के बाद से ही जिले के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर नियमित रूप से नाका चेकिंग की जा रही है। इसी क्रम में काटाखाल पुलिस चौकी के समीप एसएसटी (Static Surveillance Team) और पुलिस के संयुक्त अभियान में ५ लाख रुपये नकद जब्त किए गए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, एएस११सी९१५३ नंबर की एक ऑटो को संदेह के आधार पर रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ऑटो में सवार हनुमान माल सोनावात नामक व्यक्ति के पास से भारी मात्रा में नकदी बरामद की गई। बताया गया है कि वह शिलचर की ओर जा रहे थे। पांचग्राम पुलिस और एसएसटी टीम के समन्वित प्रयास से यह सफलता हासिल हुई। जब्त की गई राशि को पांचग्राम पुलिस चौकी में सुरक्षित रखा गया है। प्रारंभिक पूछताछ के बाद संबंधित व्यक्ति और वाहन को फिलहाल छोड़ दिया गया है हालांकि पूरे मामले पर प्रशासन की नजर बनी हुई है। प्रशासन की ओर से बताया गया है कि चुनाव के दौरान अवैध धन के लेन-देन और प्रभाव को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। बरामद की गई राशि के स्रोत, गंतव्य और इसके पीछे किसी प्रकार की अनियमितता की जांच के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। गौरतलब है कि चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार निर्धारित सीमा से अधिक नकद राशि ले जाने पर वैध दस्तावेज होना अनिवार्य है। इस प्रकार की तलाशी अभियान चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रशासन की इस सक्रिय पहल का जागरूक लोगों ने स्वागत किया है। जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे इस तरह की निगरानी को और अधिक सख्त किए जाने के संकेत प्रशासन की ओर से दिए गए हैं।

Leave a Comment