महिला दिवस पर शब्दवीणा का विशेष आयोजन, महादेवी वर्मा को किया गया समर्पित
गया। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था शब्दवीणा द्वारा आयोजित साप्ताहिक कार्यक्रम “शब्दवीणा सृजन त्रिविधा” का विशेषांक प्रसिद्ध कवयित्री महादेवी वर्मा को समर्पित किया गया। कार्यक्रम का संयोजन शब्दवीणा की राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. डॉ. रश्मि प्रियदर्शनी ने किया तथा संचालन हरियाणा की कवयित्री कीर्ति यादव ने किया।
कार्यक्रम में महादेवी वर्मा के जीवन और साहित्यिक योगदान पर प्रकाश डाला गया तथा उनके गीत “क्या पूजन क्या अर्चन रे” की प्रस्तुति दी गई। छात्राओं निधि कुमारी, शैली पाठक और हर्षिता मिश्रा ने उनके रेखाचित्र-संग्रह “मेरा परिवार” से गौरा, सोना और गिल्लू का सस्वर पाठ किया।
रेखाचित्रों के माध्यम से पशु-पक्षियों के प्रति मानवीय संवेदनाओं और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी पर चर्चा की गई। इस दौरान जॉर्ज ऑरवेल की प्रसिद्ध कृति Animal Farm का भी संदर्भ दिया गया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण शब्दवीणा के फेसबुक पेज से किया गया, जिसमें देश के विभिन्न भागों से साहित्यप्रेमियों ने जुड़कर छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।