शिलकुड़ी, 3 फरवरी | यशवंत पाण्डेय
असम में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सभी प्रमुख राजनीतिक दल—भाजपा, कांग्रेस, असम गण परिषद, बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट और एआईयूडीएफ—अपने-अपने स्तर पर चुनावी तैयारियों में जुटे हैं। इसी क्रम में बड़खला विधानसभा क्षेत्र के चेंगदुआर चाय बागान में मंगलवार को कांग्रेस के संभावित प्रत्याशी डॉ. अमित कलवार के नेतृत्व में एक भव्य पदयात्रा निकाली गई।
करीब 8 किलोमीटर लंबी इस पदयात्रा में 500 से अधिक लोग शामिल हुए। पदयात्रा चेंगदुआर बंगलाथल के तीनमुखा से शुरू होकर मंगलपुर, चेंगदुआर ब्रिज, एल्गिन बाजार, उत्तर चेंगदुआर और चेंगदुआर बस्ती होते हुए चेंगदुआर चाय बागान के नाचघर में संपन्न हुई। इस दौरान शरीफ उद्दीन, सुशेंद्र घोष, सुब्रत दास, रंगा बाबू री, मोती बाउरी, धीरेंद्र दास, भोला प्रजाचंदन तांती सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पदयात्रा के बाद आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. अमित कलवार ने कहा कि टिकट देना या न देना पार्टी हाईकमान का निर्णय है। “मैं कांग्रेस का एक साधारण कार्यकर्ता हूं और एक जिम्मेदार भारतीय नागरिक के रूप में देश और समाज के लिए काम करने आया हूं। बड़खला में मेरा बचपन बीता है, इस क्षेत्र से मेरा गहरा जुड़ाव रहा है,” उन्होंने कहा।
डॉ. कलवार ने आगे दावा किया कि पूरे बराक घाटी में यही मांग उठ रही है कि यदि उन्हें टिकट मिलता है तो कांग्रेस की जीत सुनिश्चित होगी। “हमारे विरोधी भी जानते हैं कि जनता का समर्थन हमारे साथ है। हार-जीत राजनीति का हिस्सा है, लेकिन हमारा लक्ष्य जनता की सेवा है,” उन्होंने कहा।
पदयात्रा और जनसमर्थन को देखते हुए बड़खला विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की राजनीतिक गतिविधियां तेज होती नजर आ रही हैं।