शिवकुमार शिलचर, 01 फरवरी:
फकीरटीला, एनआईटी के समीप, शिलचर में आगामी तीन दिवसीय श्रीराम कथा एवं संत सम्मेलन का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन भानुमति चकमा एवं समस्त ग्रामवासियों के संयुक्त तत्वावधान में किया गया है।

इस पावन अवसर पर काशी से दीक्षित 16 वर्षीय बाल संत श्री रामेश्वरानन्द जी ब्रह्मचारी कथा प्रवक्ता के रूप में श्रद्धालुओं को श्रीराम कथा का रसपान कराएंगे। अल्प आयु में गहन आध्यात्मिक ज्ञान एवं ओजस्वी वाणी के कारण श्री महाराज जी देशभर में श्रद्धा के केंद्र बने हुए हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ 31 जनवरी 2026 को अधिवास एवं कथा मंडप परीक्षण के साथ होगा।
1 फरवरी 2026 को सायं 4 बजे से श्रीराम कथा के प्रथम दिवस का शुभारंभ होगा। सायं 7:30 बजे से प्रसाद वितरण किया जाएगा। वहीं श्रद्धालुओं के लिए सायं 7:30 बजे से 8 बजे तक श्री महाराज जी से मिलने का समय निर्धारित किया गया है।

2 फरवरी 2026 को प्रातः 10 बजे से कथा के द्वितीय दिवस की शुरुआत होगी। दोपहर 1 बजे से प्रसाद वितरण किया जाएगा। सायं 6 बजे श्री महाराज जी के द्वारा भगवन्नाम कीर्तन का आयोजन होगा। इसके पश्चात सायं 7 बजे से 8 बजे तक भक्तों को महाराज जी से भेंट का अवसर प्राप्त होगा।
3 फरवरी 2026 को प्रातः 10 बजे से पूर्णाहुति यज्ञ, संत सम्मेलन एवं प्रवचन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें संत-महात्मा अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। इस अवसर पर दोपहर 12 बजे साधु भंडारा का आयोजन भी किया गया है।
आयोजकों ने क्षेत्रवासियों एवं समस्त श्रद्धालुओं से इस आध्यात्मिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की है।