बड़खोला से कांग्रेस टिकट के दावेदार डॉ. अमित कलवार की जनसंपर्क यात्रा सफल
घुंघूर से भोराखाई तक जनता से किया सीधा संवाद, विकास का रखा विजन
25 जनवरी,शिलचर: आगामी 2026 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए बड़खोला विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी के संभावित उम्मीदवार डॉ. अमित कलवार ने रविवार को अपनी पहली जनसंपर्क यात्रा की शुरुआत घुंघूर मंगल पांडेय चौक से की। इस जनसंपर्क यात्रा के माध्यम से उन्होंने आम जनता से सीधा संवाद स्थापित किया और क्षेत्र की जमीनी समस्याओं को नजदीक से समझने का प्रयास किया।
यात्रा की शुरुआत डॉ. अमित कलवार ने शहीद मंगल पांडेय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। इसके बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि यह यात्रा केवल चुनावी प्रक्रिया का हिस्सा नहीं है, बल्कि जनता के दुख-दर्द, समस्याओं और अपेक्षाओं को जानने का एक माध्यम है। उन्होंने कहा कि वे राजनीति को सेवा का माध्यम मानते हैं और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करना चाहते हैं।
यह जनसंपर्क यात्रा मंगल पांडेय चौक से शुरू होकर बाबू टीला, मधु टीला होते हुए भोराखाई दुर्गा मंडप पर आकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान रास्ते भर लोगों ने जगह-जगह फूल-मालाओं से डॉ. कलवार का स्वागत किया। बड़ी संख्या में समर्थकों की मौजूदगी ने इस यात्रा को ऐतिहासिक बना दिया।
यात्रा के दौरान डॉ. अमित कलवार ने मार्ग में पड़ने वाले सभी प्रमुख मंदिरों में जाकर पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और विकास की कामना की। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराएं समाज को जोड़ने का काम करती हैं और इन्हें सम्मान देना हर जनप्रतिनिधि का कर्तव्य है।
जनता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बड़खोला विधानसभा क्षेत्र आज भी कई बुनियादी समस्याओं से जूझ रहा है। सड़क संपर्क की खराब स्थिति, पेयजल संकट, जल निकासी की समस्या और बिजली आपूर्ति में अनियमितता लोगों के दैनिक जीवन को प्रभावित कर रही है। कई इलाकों में सुबह-शाम पीने का पानी तक उपलब्ध नहीं हो पाता, जो आज़ादी के 75 वर्षों बाद भी बेहद चिंताजनक है।
उन्होंने कहा कि यदि उन्हें जनता की सेवा का अवसर मिलता है, तो वे सबसे पहले इन मूलभूत समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित करेंगे। क्षेत्र के हर गांव और मोहल्ले तक बेहतर सड़क, शुद्ध पेयजल और जलनिकासी व्यवस्था पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी।
शिक्षा के मुद्दे पर बोलते हुए डॉ. कलवार ने कहा कि चाय बागान क्षेत्रों के बच्चों, अल्पसंख्यक समुदाय, हिंदीभाषी और बंगाली समाज के बच्चों को समान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही किसी भी समाज को आगे बढ़ाने का सबसे मजबूत आधार है।
उन्होंने यह भी कहा कि आज के समय में युवाओं के सामने सबसे बड़ी चुनौती रोजगार की है। क्षेत्र में उद्योग, कौशल प्रशिक्षण केंद्र और स्वरोजगार योजनाओं के अभाव में युवाओं को बाहर पलायन करना पड़ता है। वे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करने के लिए ठोस नीति बनाएंगे।
डॉ. अमित कलवार ने जानकारी दी कि उनका व्यक्तिगत घोषणापत्र पूरी तरह तैयार है। यदि पार्टी हाईकमान उन्हें टिकट प्रदान करता है, तो टिकट की घोषणा के तुरंत बाद वे मीडिया के सामने अपना विजन डॉक्यूमेंट और मैनिफेस्टो प्रस्तुत करेंगे, जिसमें क्षेत्र के विकास की विस्तृत रूपरेखा होगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की विचारधारा धर्मनिरपेक्षता, भाईचारे, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास पर आधारित है। पार्टी सभी वर्गों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है।
अंत में डॉ. अमित कलवार ने कहा कि वे जनता के विश्वास और सहयोग से बोड़खोला विधानसभा क्षेत्र को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए पूरी ईमानदारी से काम करेंगे और वर्षों से चली आ रही समस्याओं का स्थायी समाधान करेंगे।