पूहिंसाअ ने गूगल मीट पर मनाया शिल्पी दिवस
शिलचर, 19 जनवरी: पूर्वोत्तर हिंदी साहित्य अकादमी ने गूगल मीट पर पिछले 17 जनवरी को शिल्पी दिवस मनाया। असम के प्रख्यात लेखक नाट्यकार गीतकार संगीतकार तथा समाजसेवी ज्योति प्रसाद अगरवाला की पुण्यतिथि के अवसर पर संस्थापिका रीता सिंह ‘सर्जना’ की अध्यक्षता में एक आभासी पटल पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कला साधक श्री विनोद खनाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थेl कार्यक्रम में प्रमुख वक्ता के रूप में समाजसेवी तथा स्वनाम धन्य वरिष्ठ साहित्यकार हरिप्रसाद लुइटेल उपस्थित थे। कार्यक्रम में अन्य वक्ताओं में तेजपुर विश्वविद्यालय, हिंदी विभाग की सहायक आचार्या डॉ गोमा देवी शर्मा एवं लखीमपुर की हिंदी विभाग की सहायक आचार्या डॉ नंदिता दत्त उपस्थित थे।
सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम शुरु हुआ। भुवन घोरसाने के करकमल से दीप प्रज्ज्वलित किया गया।
सभी वक्ताओं ने ज्योति प्रसाद आगरवाला के जीवन के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला और इस कार्यक्रम को एक सुंदर रूप दिया। ज्योतिप्रसाद आगरवाला के सामाजिक, साहित्यिक, सांस्कृतिक योगदान के साथ स्वाधीनता संग्राम में अविस्मरणीय अवदान रहा है l गायक सेवक शर्मा ने ज्योति प्रसाद के गीत प्रस्तुत किए। सैनिक कवि विशाल के सी ने अपनी कविता पेश की तथा सीमा राय ने एक ग़ज़ल गाकर कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए। श्रोताओं के रूप में विक्रम सिंह, मानव ,भुवन घोरसाने और हरकीरत हीर उपस्थित थे। अंत मे रीता सिंह ‘सर्जना’ ने सबका धन्यवाद व्यक्त किया तथा सभा भंग की घोषणा की।