सिलचर में फ्लाईओवर का काम जनवरी में शुरू हो जाएगा- मुख्यमंत्री 

सिलचर में फ्लाईओवर का काम जनवरी में शुरू हो जाएगा- मुख्यमंत्री 

रानू दत्ता, शिलचर, 7 दिसंबर:
शिलचर में प्रस्तावित एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण कार्य की शुरुआत जनवरी माह में होने की संभावना है। इस परियोजना के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने तथा नागरिकों की राय को प्राथमिकता देते हुए जिला उपायुक्त एक विस्तृत रिपोर्ट सरकार को सौंपेंगे। दिसंबर महीने में सभी आवश्यक प्रक्रियाएँ पूरी होने के बाद जनवरी से निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। यह जानकारी रविवार को शिलचर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने दी।

बराक उपत्यका के दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने शिलचर के मधुराघाट स्थित बराक नदी पर एक नये आरसीसी पुल का शिलान्यास किया। इस मौके पर मंत्री कौशिक राय भी उपस्थित थे। लंबे समय से क्षेत्रवासियों की यह प्रमुख मांग थी कि बराक नदी पर एक और नया पुल बने। अब सरकार ने इस मांग को पूरा करने की दिशा में ठोस कदम उठाया है।

राज्य सरकार ने इस पुल निर्माण के लिए 101 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है।
पुल की प्रमुख विशेषताएँ इस प्रकार हैं—

  • लंबाई: 340 मीटर
  • सब-स्ट्रक्चर: 2 एबटमेंट, 4 पायर्स
  • चौड़ाई: 7.50 मीटर
  • सुपर-स्ट्रक्चर: PSC बॉक्स गर्डर एवं स्लैब
  • स्पैन: 5
  • एप्रोच रोड: 280 मीटर
  • प्रोजेक्ट अवधि: आगामी दो वर्ष में निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य

यह परियोजना केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना निधि के अंतर्गत स्वीकृत की गई है। इसके साथ ही मधुराघाट से कैपिटल प्वाइंट तक सड़क के उन्नयन कार्य भी किए जाएंगे।

शिलान्यास समारोह में बराक उपत्यका विकास विभाग के मंत्री कौशिक राय, सांसद परिमल शुक्लबैद्य और कनक पुरकायस्थ, विधायक मिहिरकांति सोम, दीपायन चक्रवर्ती, कमलाक्ष दे पुरकायस्थ, जिला उपायुक्त मृदुल यादव, एसएसपी पार्थ प्रतिम दास, भाजपा जिला अध्यक्ष रूपम साहा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Comment