सोते समय आंखों में फेवीक्विक डाली, 8 छात्र अस्पताल में भर्ती

सोते समय आंखों में फेवीक्विक डाली, 8 छात्र अस्पताल में भर्ती

कंधमाल जिले के सलागुडा सेबाश्रम स्कूल का मामला

एजेंसी संवाददाता, कंधमाल, उड़ीसा 


देर रात हॉस्टल में हुई वारदात

ओडिशा के कंधमाल जिले के फिरींगिया ब्लॉक अंतर्गत सलागुडा स्थित सेबाश्रम स्कूल में शुक्रवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई। हॉस्टल में सो रहे 8 छात्रों की आंखों में सहपाठियों ने फेवीक्विक डाल दी। चिपकने के कारण सभी छात्र आंखें तक नहीं खोल पा रहे थे।


अस्पताल में भर्ती, 7 का इलाज जारी

घटना के बाद घबराए छात्रों को पहले गोछापाड़ा अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए फूलबनी जिला मुख्यालय अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों ने बताया कि चिपकने वाले रसायन से आंखों को नुकसान पहुंचा है, लेकिन समय पर इलाज मिलने से गंभीर खतरा टल गया। फिलहाल एक छात्र को छुट्टी दे दी गई है, जबकि सात अन्य का इलाज जारी है।


प्रशासन सख्त, प्राचार्य निलंबित

घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आ गया। कलेक्टर ने मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। लापरवाही के आरोप में सेबाश्रम स्कूल के प्रधानाध्यापक मनोरंजन साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।


जांच के आदेश, सुरक्षा पर सवाल

कंधमाल के कल्याण अधिकारी ने अस्पताल पहुंचकर छात्रों की स्थिति का जायजा लिया और हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता जताई। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि छात्रों ने यह खतरनाक शरारत क्यों और कैसे की।

Leave a Comment