शिलचर, 5 मई: बेरेंगा नाथ पाड़ा के ऐतिहासिक सार्वजनीन शिवबाड़ी संचालन समिति के सदस्यों ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले में मारे गए निर्दोष तीर्थयात्रियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए रविवार शाम को कैंडल मार्च का आयोजन किया। समिति के सदस्यगण शिलचर की सड़कों पर मोमबत्तियाँ लेकर मार्च निकाले और इस कायराना आतंकी हमले की कड़े शब्दों में निंदा की।
समिति के अध्यक्ष अजीत कुमार नाथ, सह-संपादक गौतम नाथ, कोषाध्यक्ष राहित नाथ लस्कर, रबिजीत नाथ, झंटू नाथ, अलक नाथ, अर्चना नाथ, नंदा नाथ, जोनाकी नाथ समेत अन्य सदस्यों ने कहा कि यह घटना न केवल अमानवीय है बल्कि भारत की एकता पर सीधा हमला है। 22 अप्रैल को पहलगाम में पाकिस्तान-प्रायोजित आतंकवादियों द्वारा धर्म पूछकर हिंदू तीर्थयात्रियों की हत्या ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है।
समिति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा से मांग की कि ऐसे आतंकवादी हमलों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए और निर्दोष नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है जब भारत सरकार को इन आतंकवादी गतिविधियों को जड़ से समाप्त करने के लिए निर्णायक कदम उठाना चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।