सोनाई थाना के अंतर्गत काजीडहर तृतीय खंड में सिलचर-आइजोल राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे मंगलवार रात एक दुस्साहसी चोरी की घटना सामने आई। चोरों ने उस समय घटना को अंजाम दिया जब घर में कोई मौजूद नहीं था। उन्होंने ताला तोड़कर घर में घुसकर अलमारी में रखे कीमती स्वर्ण आभूषण और लगभग दो लाख रुपये नकद चुरा लिए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घर के मुखिया बिजेंद सिंह, जो ऑल असम मणिपुरी स्टूडेंट्स यूनियन के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं, वर्तमान में सिलचर के एक अस्पताल में इलाजरत हैं। मंगलवार शाम को उनके परिवार के सदस्य उन्हें देखने अस्पताल गए थे। जब वे रात में वापस लौटे तो देखा कि घर का मुख्य दरवाजा टूटा हुआ है और अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा है। अलमारी से सभी गहने और नकदी गायब थे।
घटना की सूचना मिलते ही सोनाई पुलिस और सिलचर सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
बुधवार को मीडिया से बात करते हुए गृहमालिक बिजेंद सिंह और उनके रिश्तेदार सीएच नवकुमार सिंह ने इस दुस्साहसी चोरी की कड़ी निंदा की और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अनुरोध किया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं दोबारा न हों।