कछार जिले में अवैध शराब के पांच अड्डों पर आबकारी विभाग का छापा, 500 लीटर अवैध शराब और उपकरण नष्ट

काछार जिले के काठीघोड़ा क्षेत्र अंतर्गत जलालपुर चाय बागान के फांड़ी बाटुलमारा इलाके में गुरुवार शाम आबकारी विभाग ने चुलाई शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। बड़खला सर्कल के आबकारी विभाग के प्रभारी अधिकारी अरुण कुर्मी के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में एक के बाद एक पांच अवैध शराब भट्टियों को ध्वस्त कर दिया गया। साथ ही मौके पर ही लगभग 500 लीटर चुलाई शराब और निर्माण उपकरण नष्ट कर दिए गए।

हालांकि, इस दौरान किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी, लेकिन विभाग ने पूरे इलाके में अवैध शराब के खिलाफ एक कड़ा संदेश जरूर दे दिया है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बड़खला सर्कल के अंतर्गत लगभग सभी चाय बागान क्षेत्रों में यह अवैध कारोबार फल-फूल रहा है, जिससे युवा पीढ़ी बर्बादी के रास्ते पर चल पड़ी है। इस स्थिति को लेकर समाज के जागरूक वर्ग में गहरी चिंता व्याप्त है।

जागरूक नागरिकों का कहना है कि सिर्फ भट्टियाँ तोड़ने से काम नहीं चलेगा, बल्कि जो लोग इस अवैध धंधे में प्रत्यक्ष रूप से शामिल हैं, उन्हें चिन्हित कर कानून के दायरे में लाकर सख्त से सख्त सजा दी जानी चाहिए। तभी इस गोरखधंधे पर लगाम कसी जा सकेगी।

आबकारी विभाग के सूत्रों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी और अधिक सख्ती से जारी रहेगी।

Leave a Comment