दयापुर चाय बागान में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का सफल आयोजन

सिलचर: लायंस क्लब ऑफ सिलचर वैली व्यू और प्रभावती देवी चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आज दयापुर चाय बागान अस्पताल में निःशुल्क मोतियाबिंद जांच एवं नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का संचालन यूथ्स अगेंस्ट सोशल इविल्स (YASE) सेंट्रल कमेटी के सहयोग से किया गया।

शिविर में प्रसिद्ध नेत्र विशेषज्ञ डॉ. राहुल यादव एवं ऑप्टोमेट्रिस्ट राकेश त्रिपुरा ने कुल 53 मरीजों की जांच की, जिनमें से 13 मरीजों में मोतियाबिंद पाया गया। इन सभी मरीजों की आगामी सात दिनों के भीतर चरणबद्ध तरीके से सिलचर के चौधरी आई हॉस्पिटल में निःशुल्क सर्जरी करवाई जाएगी। इसके अलावा, जिन मरीजों को दृष्टि सुधार के लिए चश्मे की आवश्यकता है, उन्हें चौधरी विजन सेंटर भेजा गया। शिविर में रोगियों के लिए निःशुल्क दवा वितरण की भी व्यवस्था की गई।

इस अवसर पर लायंस क्लब ऑफ सिलचर वैली व्यू की ओर से क्लब अध्यक्ष बंदिता त्रिवेदी रॉय, कोषाध्यक्ष संदीप शील, मार्गदर्शक लायन संजीव रॉय एवं फातिमा अल मामुन उपस्थित रहीं। वहीं, स्थानीय समुदाय की ओर से कनाई रविदास, दीप साहू समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे। आयोजकों ने स्थानीय निवासियों के सहयोग और समर्थन के लिए आभार प्रकट किया।

शिविर के समुचित संचालन की ज़िम्मेदारी डेव्याजति दास ने निभाई, जिन्होंने पूरे आयोजन की निगरानी की। यह स्वास्थ्य सेवा पहल क्षेत्र के चाय बागान श्रमिकों और स्थानीय निवासियों के लिए अत्यंत लाभदायक सिद्ध हुई। आयोजकों ने भविष्य में भी इस तरह के सामाजिक एवं स्वास्थ्य सेवा अभियानों को जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।

Leave a Comment