धोलाई के विधायक निहार रंजन दास ने शुरू किया “बूथ अध्यक्षों के घर चलो” अभियान

प्रे.स. शिलचर, 30 दिसंबर – धोलाई विधानसभा क्षेत्र के विधायक निहार रंजन दास ने सोमवार को पालंगघाट मंडल के मनियारखाल ग्राम पंचायत के अंतर्गत सात बूथ अध्यक्षों के घर जाकर बूथ समितियों के सदस्यों और वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रत्येक बूथ की विभिन्न समस्याओं को समझा और उनके समाधान का आश्वासन दिया।
विधायक ने विशेष रूप से सड़कों, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं और बिजली की समस्याओं पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि धोलाई विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक बूथ अध्यक्ष के घर जाकर बूथ समिति और क्षेत्र के प्रमुख नागरिकों से चर्चा करेंगे। इसी उद्देश्य से सोमवार से उन्होंने मनियारखाल ग्राम पंचायत से “बूथ अध्यक्षों के घर चलो” अभियान की शुरुआत की है।
विधायक निहार रंजन दास ने कहा कि यह अभियान उन्हें जनता से सीधे संवाद स्थापित करने और उनकी समस्याओं को समझने का अवसर प्रदान करेगा। इस दौरान उन्होंने हर समस्या को प्राथमिकता के आधार पर हल करने का भरोसा दिलाया।
जनता के साथ सीधे संवाद
सोमवार को उन्होंने बूथ नंबर 192, 193, 194, 201, 202, 203 और 204 के अध्यक्षों के घर जाकर चर्चा की। बूथ समितियों के सदस्यों और स्थानीय नागरिकों ने विधायक का गर्मजोशी से स्वागत किया। बूथ अध्यक्षों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने उन्हें उत्तरीय पहनाकर सम्मानित किया।
पूर्व जीपी अध्यक्ष परेश तांती ने विधायक द्वारा शुरू किए गए इस अभिनव अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल बूथ स्तर की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए एक मजबूत कदम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में शिलचर के सांसद और विधायक के संयुक्त प्रयासों से धलाई विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों में तेजी आएगी।
जनता ने बताई अपनी समस्याएं
इस दौरान स्थानीय लोगों ने विधायक से सीधे मुलाकात कर अपनी समस्याओं को उनके सामने रखा। विधायक ने सभी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और उन्हें हल करने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में पालंगघाट मंडल के अध्यक्ष अपूर्व दास, पूर्व मंडल अध्यक्ष समन दास, ओबीसी मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष अजय देव, एपी के पूर्व अध्यक्ष अभिजीत माझी, चंदन तांती, संतोष पातर और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। विधायक निहार रंजन दास का यह अभियान क्षेत्र के लोगों से सीधे जुड़ने और उनकी समस्याओं का समाधान करने की दिशा में एक सकारात्मक पहल साबित हो रही है।

Leave a Comment