प्रे.स. हाइलाकांदी, 18 दिसंबर: भर-राजभर समुदाय को अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) का दर्जा मिलने पर संगठन के कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। लंबे समय से चली आ रही इस मांग के पूरा होने पर आज बुधवार को हाइलाकांदी में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसमें असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा, राज्य के सूचना एवं जनसंपर्क और सामाजिक न्याय मंत्री पियूष हजारिका, तथा अखिल भारतीय भर-राजभर संगठन के केंद्रीय और राज्य स्तरीय नेताओं के प्रयासों की सराहना की गई।
अखिल भारतीय भर-राजभर संगठन के उपाध्यक्ष हरिमोहन राजभर ने इसे ऐतिहासिक निर्णय बताते हुए मुख्यमंत्री समेत सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि के पीछे अनेक नेताओं और मंत्रियों का महत्वपूर्ण योगदान है।
विशेष रूप से, उन्होंने सांसद कृपानाथ मल्लाह, जनस्वास्थ्य एवं तकनीकी मंत्री जयंत मल्ल बरुआ, पशुपालन एवं मत्स्य मंत्री कृष्णेंदु पॉल, सांसद परिमल शुक्लबैद्य, कृषि एवं आबकारी मंत्री अतुल बोरा, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री केशव महंत, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री कौशिक राय, विधायक विजय मलाकार और रूपेश ग्वाला, काछार चाय श्रमिक यूनियन के महासचिव राजदीप राय, और पूर्व मंत्री अजीत सिंह को धन्यवाद दिया।
राज्य संगठन के अध्यक्ष जनार्दन राजभर और सचिव हरिनाथ भर को भी सराहा गया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष हरिदयाल राजभर और केंद्रीय सदस्य लक्ष्मण राजभर सहित अन्य प्रमुख नेता उपस्थित थे।
संगठन ने असम सरकार के इस फैसले को ऐतिहासिक करार देते हुए इसे भर-राजभर समुदाय के लिए एक नई शुरुआत बताया।