जाको राखो साईयां —की गजब कहानी ,  सोनपुर में डूबी महिला मोकामा में जिंदा मिली, नब्बे किलोमीटर तक गंगा की लहरों से जूझती रही 

अनिल मिश्र/पटना 
 जाको राखे साइयां मार सके ना कोई… वाली कहावत तो सभी ने सुन रखी है, लेकिन यह कहावत एक बार फिर चरितार्थ हुई।
 बिहार राज्य के सोनपुर में एक  डुबी हुई महिला 90 किलोमीटर तक गंगा की लहरों से जूझती रही। अंतत जिंदगी से जारी जंग में उसने जीत हासिल कर ली। महिला का नाम प्रमिला देवी (60) है। वह वैशाली जिले के सोनपुर गंगा घाट पर शुक्रवार को डूब गई थीं। लगभग चौबीस घंटे बाद वह नब्बे किलोमीटर दूर मोकामा में सही सलामत बचा ली गईं।
 शुक्रवार सुबह करीब सात बजे गंगा नदी के सोनपुर घाट पर प्रमिला अपने पति के साथ आई थीं। नदी में नहाने के दौरान वह डूब गईं। पति ने भी उन्हें बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन वे भी डूब गए। पति-पत्नी दोनों गंगा नदी में डूबते चले गए। प्रमिला देवी किसी तरह नब्बे किलोमीटर से अधिक दूरी तक गंगा नदी की लहरों से जूझती रहीं। गंगा में तैरती हुई किसी वस्तु के सहारे वह लगातार बहती रहीं। उनको तैरना भी नहीं आता था। आखिर में पटना जिले के मोकामा स्थित मेकरा गांव के पास लोगों ने प्रमिला को बचा लिया। लेकिन इनके पति के बारे में कोई जानकारी उपलब्ध नहीं हो पायी है।

Leave a Comment