गांधीनगर, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा 2023’ के अंतर्गत शनिवार को गुजरात की 225 ग्राम पंचायतों के विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के साथ वर्चुअल तरीके से सीधा संवाद किया। विभिन्न जिलों की इन सभी ग्राम पंचायतों में ‘मोदी की गारंटी’ वाले विकसित भारत संकल्प यात्रा के रथ का उत्साह के साथ स्वागत किया गया। साथ ही, बड़ी संख्या में लोगों ने भारत देश को वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित लक्षित लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाकर सेचुरेशन लेवल यानी योजनाओं की पूर्ण संतृप्ति पर जोर दिया। इसके अलावा, उन्होंने नमो ड्रोन दीदी के जरिए 15,000 सखी मंडलों को सहायता प्रदान कर खेती में तकनीक के अधिकतम उपयोग के माध्यम से आधुनिकीकरण की दिशा में आगे बढ़ने तथा फिट इंडिया मूवमेंट पर बल देकर युवाओं से उनका स्वास्थ्य बनाए रखने का आह्वान किया।
केन्द्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का दायरा बढ़ाने तथा पात्र अंतिम व्यक्ति तक इन योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उम्दा आशय के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से केंद्र सरकार द्वारा ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा 2023’ का देशव्यापी आयोजन किया गया है। इसके हिस्से के रूप में गुजरात में भी जनजातीय गौरव दिवस, 15 नवंबर से इस कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ था, जिसे राज्य में व्यापक जन समर्थन मिल रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात के भरूच जिले के शुक्लतीर्थ गांव के प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थी अल्पेशभाई निजामा के साथ वर्चुअल तरीके से संवाद किया और उन्हें प्राप्त योजनागत सहायता के बारे में पूछा। प्रधानमंत्री ने अल्पेशभाई से कहा कि वह विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान ही दूसरे पांच गांवों में जाकर अन्य किसान मित्रों से भी योजना का लाभ उठाने का अनुरोध करें।
विकसित भारत संकल्प यात्रा के मार्फत अब तक 4375 ग्राम पंचायतों के अनेक लाभार्थियों तक विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचाया गया है। इस यात्रा में लगभग 13.06 लाख से अधिक जनभागीदारी दर्ज की गई है और 12.02 लाख से अधिक नागरिकों ने भारत को वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है। इसके अलावा, स्वास्थ्य शिविर में 5.67 लाख से अधिक लोगों ने अपनी स्वास्थ्य जांच, 3.34 लाख लोगों ने क्षय रोग (टीबी) की जांच और 79,500 से अधिक लोगों ने सिकलसेल की भी जांच कराई है। इतना ही नहीं, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत कुल 14,587 नागरिकों ने पंजीकरण कराया है और कृषि कार्यक्रम के तहत 2490 ड्रोन डेमोंस्ट्रेशन किया गया है। इसके साथ ही, नागरिकों को विभिन्न प्रकार के 48,000 अवॉर्ड भी प्रदान किए गए हैं। इस यात्रा के दौरान कई गांवों में विभिन्न योजनाओं के तहत 100 फीसदी सेचुरेशन की उपलब्धि हासिल की गई है। यात्रा के दौरान 2846 गांवों में आयुष्मान भारत योजना, 4066 गांवों में जल जीवन मिशन योजना, 3878 गांवों में भूमि अभिलेखों का डिजिटलीकरण और 4194 गांवों ने ओडीएफ प्लस की उपलब्धि हासिल की है। ओडीएफ प्लस गांव वह, जिसने ठोस या तरल अपशिष्ट प्रबंधन प्रणालियों को लागू करने के साथ-साथ अपनी खुले में शौच मुक्त (ओडीएफ) स्थिति को बरकरार रखा है। गुजरात में विकसित भारत संकल्प यात्रा को व्यापक जन समर्थन मिल रहा है। इस कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लक्षित लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए पूरे राज्य का प्रशासन लगातार प्रयासरत है। राज्य के सभी जिलों में अभी ‘मोदी की गारंटी’ वाली आईईसी वैन के साथ विकसित भारत संकल्प यात्रा पूरे जोर शोर से आगे बढ़ रही है।