कपूरथला: पुलिस और निहंगों के बीच झड़प, एक पुलिसकर्मी की मौत, तीन घायल

कपूरथला। पुलिस और निहंगों के बीच झड़प की खबर है. जानकारी के मुताबिक, झड़प में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई है, जबकि तीन अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं. बताया जा रहा है कि निहंगों के एक समूह ने बुधवार रात जबरन एक गुरुद्वारे पर कब्जा कर लिया. मामले की जानकारी के बाद जब पुलिस गुरुद्वारा खाली कराने पहुंची, निहंगों ने गोलीबारी शुरू कर दी. फायरिंग के दौरान एक पुलिसकर्मी की गोली लगने से मौत हो गई.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और गुरुद्वारा को खाली कराए जाने के लिए कार्रवाई जारी है. पंजाब पुलिस की ओर से जानकारी दी गई है कि निहंग गुरुद्वारे के अंदर से लगातार फायरिंग कर रहे हैं. पुलिस निहंगों पर काबू पाने की कोशिश में जुटी है.

पुलिस ने गुरुद्वारे पर कब्जा करने के आरोप में निहंग संप्रदाय के 10 लोगों को गिरफ्तार किया है, लेकिन ऑपरेशन अभी भी जारी है. निहंगों में से एक ने पुलिस पर तब गोलीबारी की जब वे परिसर को खाली कराने गए थे. पंजाब पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि कम से कम 30 निहंग अभी भी गुरुद्वारे के अंदर हैं. बता दें कि इससे पहले 2020 में भी निहंगों ने पंजाब पुलिस पर हमला किया था. उस दौरान पंजाब पुलिस कोरोना को लेकर लॉकडाउन लगाने की कोशिश कर रही थी, उसी दौरान निहंगों के एक समूह ने पंजाब पुलिस पर हमला कर दिया था. हमले के दौरान निहंगों ने पंजाब पुलिस के एक जवान का हाथ काट दिया था.

Leave a Comment