आइजोल, 14 नवंबर (हि.स.)। मिजोरम में भारत-म्यांमार सीमा पर रेड अलर्ट जारी किया गया है। सीमा पर स्थिति तनावपूर्ण है। म्यांमार के विद्रोहियों की भारत में संभावित घुसपैठ के मद्देनजर यह बड़ा फैसला किया गया है। अंदेशा है कि पांच हजार से ज्यादा शरणार्थी भारत की सीमा में प्रवेश कर चुके हैं।
उल्लेखनीय है कि मिजोरम सीमा के पास म्यांमार सेना और चिनलैंड डिफेंस फोर्स (सीडीएफ) के बीच बीते 48 घंटों में हुई गोलीबारी के बाद से तनाव बढ़ गया है। सीडीएफ ने कथित तौर पर म्यांमार के रिहखावदार गांव में म्यांमार सेना के शिविर पर कब्जा कर लिया है। यह स्थान मिजोरम के जोखावथार से केवल चार किलोमीटर दूर है। बदला लेने के लिए म्यांमार सेना के जेट फाइटर ने बमबारी की।
नतीजतन, मिजोरम में लगातार शरणार्थी पहुंच रहे हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार, अब तक पांच हजार से अधिक शरणार्थी सीमा पार कर चुके हैं। इसके अलावा, बमबारी और गोलीबारी से घायल हुए लगभग 40 लोगों, जिनमें महिलाएं और नाबालिग शामिल हैं, को भी इलाज के लिए मिजोरम लाया गया है। कुछ को चंफाई के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायलों को आइजोल रेफर किया गया है।