महाराष्ट्र में बनेगा मां कामाख्या का मंदिर : मुख्यमंत्री

गुवाहाटी, 13 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरमा ने कहा है कि महाराष्ट्र में एक भव्य मां कामाख्या का मंदिर निर्माण कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने आज मीडिया को दिए गए एक साक्षात्कार में कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने उन्हें मुंबई में मां कामाख्या मंदिर बनाने के लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया था। उसी दिशा में विचार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे पूरे देश में सांस्कृतिक आदान-प्रदान करना चाहते हैं। जिस प्रकार काशी विश्वनाथ कॉरिडोर बनाया गया है, उसी प्रकार असम में भी कामाख्या कॉरिडोर पर काम चल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वीर शिवाजी ने जिस समय महाराष्ट्र में मुगलों के साथ लड़ाई लड़ी थी, उसी समय में असम में लचित बरफूकन ने भी औरंगजेब की सेना को परास्त किया था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सलाह से वे लचित बरफूकन को देशभर में पहुंचाना चाहते हैं। एक प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि असम में उन्होंने अधिकारियों को तबादले करने की खुली छूट दे रखी है, ताकि वे अपने अनुसार अधिकारियों को तैनात कर सकें। उन्होंने कहा कि विभिन्न स्तर पर वे कार्य कर रहे हैं। साक्षात्कार के दौरान मुख्यमंत्री ने अन्य कई सवालों के खुलकर उत्तर दिए।

Leave a Comment