कोकराझार, 14 सितंबर। राजभाषा हिंदी के आधिकारिक कार्यों के साथ-साथ दैनिक संचार में व्यापक प्रचार के उद्देश्य से 14 सितंबर, 2023, गुरुवार को एनटीपीसी बोंगाईगाँव में हिंदी दिवस का उद्घाटन उत्साहपूर्वक किया गया। एनटीपीसी बोंगाईगाँव में हिंदी पखवाड़ा 14 से 29 सितंबर, 2023 तक आयोजित किया जा रहा है। मुख्य महाप्रबंधक, एनटीपीसी बोंगाईगाँव, श्री करुणाकर दास ने हिंदी दिवस समारोह की शुरुआत की और सभी उपस्थित कर्मचारियों को राजभाषा शपथ दिलाई। उन्होंने कर्मचारियों से आधिकारिक उपयोग में हिंदी को बढ़ावा देने का आह्वान किया। इस अवसर पर उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान श्री आशुतोष बिस्वास, महाप्रबंधक, प्रचालन; श्री आई. आर. रेड्डी, महाप्रबंधक, अनुरक्षण; व श्री एस. के. झा, महाप्रबंधक, ईंधन प्रबंधन, सहित अन्य वरिष्ठ प्रबंधन एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
मुख्य महाप्रबंधक महोदय ने इस अवसर पर राजभाषा अपील जारी की और सभी को अपने दैनिक आधिकारिक कार्यों में यथासंभव राजभाषा हिंदी का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने यह संदेश दिया कि हिंदी भाषा में सभी भाषाओं को एक साथ जोड़ने की अपार शक्ति है और इसे बोलना व इसके द्वारा सभी से जुड़ना आसान है।
एनटीपीसी बोंगाईगाँव में हिंदी पखवाड़े के दौरान विभिन्न प्रतिभागी वर्गों हेतु हिंदी कविता पाठ, स्लोगन राइटिंग, निबंध लेखन, अनुवाद प्रतियोगिता, इत्यादि सहित कई प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उम्मीद है कि कर्मचारी, उनके जीवन साथियों, और बच्चों सहित उनके परिवार के सदस्य राजभाषा पखवाड़ा कार्यक्रम में भारी संख्या में सम्मिलित होंगे। प्रतियोगिताओं के पुरस्कार वितरण के साथ पखवाड़े का समापन 29 सितंबर, 2023 को कराया जायेगा।