गुवाहाटी, 22 जुलाई (हि.स.)। असम-मेघालय सीमा मुद्दे पर बैठक खत्म हो गई है। सीमा विवाद जल्द सुलझने की उम्मीदें बंध रही है। दोनों राज्यों की क्षेत्रीय समितियां विवादित स्थलों का दौरा करेंगी।
दोनों राज्यों ने दो क्षेत्रीय समितियों का आज गठन किया है। समिति संयुक्त रूप से छह विवादित स्थलों का दौरा करेगी। ज्ञात हो कि असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा और मेघालय के उनके समकक्ष कॉनराड के संगमा की सदिच्छा से सीमा विवाद सुलझने की कगार पर पहुंच गया है।
दोनों सीमावर्ती जिलों के उपायुक्तों ने आज बैठक में विवादित क्षेत्रों के बारे में जानकारी प्रस्तुत की।
सीमा मुद्दे पर 25 अगस्त को एक और बैठक होगी। दोनों राज्यों में 12 विवादित स्थलों में से छह के सीमा मुद्दे पहले ही सुलझाए जा चुके हैं। आने वाले दिनों में प्रशासन छह अन्य विवादित क्षेत्रों के सीमा मुद्दे को जल्द से जल्द हल करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। दोनों राज्यों की क्षेत्रीय समितियां 26 अगस्त को विवादित डिमोरिया के एक स्थल का दौरा करेंगी। इससे पहले डीसी विवादित स्थलों का दौरा करेंगे।
असम-मेघालय सीमा मुद्दे पर यह अहम बैठक आज गुवाहाटी के कोइनाधारा स्टेट गेस्ट हाउस में संपन्न हुई। बैठक में मंत्री अतुल बोरा, चंद्र मोहन पटवारी, विधायक नंदिता दास, मेघालय के उपमुख्यमंत्री प्रेस्टन टायसंग, गुवाहाटी के आयुक्त और दोनों राज्यों की समितियों के अधिकारी मौजूद थे।