सप्ताह में 5 दिन खुले रहेंगे बैंक, जल्द मिल सकती हैं 2 साप्ताहिक छुट्टियां, इस तारीख को हो सकता है ऐलान

नई दिल्ली. बैंक कर्मचारियों के लिए खुशखबरी है. बैंकों में हर हफ्ते होने वाली छुट्टी में बड़ा बदलाव हो सकता है. भारत में बैंक सप्ताह में केवल पांच दिन ही खुले रहेंगे और 2 दिन छुट्टियां रह सकती है. इस पर अभी विचार चल रहा है. अगर सब कुछ सही रहता है, तो इस पर फैसला 28 जुलाई को किया जा सकता है. फिलहाल बैंकों में रविवार के अलावा हर दूसरे और चौथे शनिवार को छुट्टी रहती है.

एक रिपोर्ट के मुताबिक, इंडियन बैंकिंग एसोसिएशन (आईबीए) अगले हफ्ते शुक्रवार को यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के साथ बैठक में यह फैसला ले सकता है. यूएफबीयू ने 19 जुलाई को कहा कि उन्होंने पिछली चर्चा में 5 बैंकिंग दिवस शुरू करने का मुद्दा उठाया था.

बढ़ जाएंगे काम करने के घंटे

अगर सप्ताह में 5 दिन काम करने वाला प्रस्ताव लागू होता है तो सभी कर्मचारियों को दैनिक काम करने वाले घंटों में 40 मिनट का इजाफा करना होगा. इसी को लेकर 28 जुलाई की बैठक में चर्चा किए जाने की संभावना है. इसके साथ ही वित्त मंत्रालय और आरबीआई की तरफ से भी मंजूरी मिलना जरूरी है.

एलआईसी में सिर्फ 5 दिन कामकाज

हाल ही में देश की सबसे बड़ी इंश्योरेंस कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम ने बड़ा ऐलान किया था. एलआईसी के ऑफिस अब हफ्ते में 5 दिन ही खुलते हैं. एलआईसी में यह नियम मई में लागू हो चुका है. सरकार द्वारा एलआईसी में 5 वर्किंग डे का नियम लागू करने के बाद इसकी आवश्यकता सुर्खियों में आई है.

Leave a Comment