कोहली ने 55 महीने बाद विदेश में टेस्ट शतक ठोंका, वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट में जमाई करियर की 29वीं सेंचुरी

पोर्ट ऑफ स्पेन. भारत और वेस्टइंडीज के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला त्रिनिदाद के पोर्ट ऑफ स्पेन में जारी है. इस समय दूसरे दिन का पहला सेशन चल रहा है. टीम इंडिया ने 4 विकेट पर 340 रन बना लिए. विराट कोहली ने करियर का 29वां टेस्ट शतक पूरा कर लिया है. वे इस समय 120 रन बनाकर नाबाद हैं. उनके साथ रवींद्र जडेजा 54 रन बनाकर क्रीज पर हैं.

विराट कोहली ने टेस्ट शतकों के मामले में ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज डॉन ब्रैडमैन की बराबरी कर ली है. ब्रैडमैन ने भी 29 शतक ही जमाए थे. दुनिया में कुल 15 बल्लेबाजों ने ही इससे ज्यादा शतक जमाए हैं. सचिन तेंदुलकर 51 टेस्ट शतक के साथ पहले स्थान पर हैं. भारतीय बल्लेबाजों में सचिन के अलावा राहुल द्रविड़ (36 शतक) और सुनील गावस्कर (34 शतक) ने ही विराट कोहली से ज्यादा शतक जमाए हैं. विराट इंटरनेशनल क्रिकेट में अब तक 76 शतक जमा चुके हैं. उन्होंने 29 टेस्ट शतकों के अलावा वनडे में 46 और टी-20 इंटरनेशनल में 1 शतक जमाया है. इंटरनेशनल क्रिकेट में विराट से ज्यादा शतक सिर्फ सचिन तेंदुलकर (100 शतक) ने ही जमाया है.

55 महीने बाद विदेश में टेस्ट शतक

विराट ने 55 महीने के बाद विदेश में कोई टेस्ट शतक जमाया है. विदेशी जमीन पर इससे पहले उनका आखिरी टेस्ट शतक दिसंबर 2018 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ में आया था.

यशस्वी-रोहित ने फिफ्टी लगाई

टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी टीम इंडिया को यशस्वी जाद्ययसवाल और कप्तान रोहित शर्मा ने तेज शुरुआत दिलाई. दोनों ने पहले विकेट के लिए 20वें ओवर में ही सेंचुरी पार्टनरशिप कर दी. यशस्वी 57 और और रोहित 80 रन बनाकर आउट हुए. नंबर-3 पर उतरे विराट कोहली ने पारी संभाली. लेकिन दूसरे एंड पर शुभमन गिल 10 और अजिंक्य रहाणे 8 ही रन बनाकर आउट हो गए. वेस्टइंडीज से केमार रोच, अल्जारी जोसेफ, शैनन गेब्रियल और जोमेल वारिकन को 1-1 विकेट मिला.

Leave a Comment