प्रे.सं.लखीपपुर,१७ जुलाई: लखीपुर विधानसभा क्षेत्र में रविवार रात को २९वें असम राइफल्स और जीरीघाट पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक ड्रग्स तस्कर को गिरफ्तार किया। लखीपुर क्षेत्र मादक पदार्थों की तस्करी का गलियारा बन गया है। पुलिस और सेना की कार्रवाई के दौरान मादक पदार्थों के तस्कर अक्सर पुलिस के जाल में फंस जाते हैं। रविवार देर रात सेना और पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली. गुप्त सूचना पर २९वें असम राइफल्स के जरीउरा कैंप के मेजर अर्पित शर्मा और कैप्टन देवंद्र प्रताप सिंह ने जिरीघाट थाने की पुलिस के साथ फुलेरतल म्हारकुलिन इलाके में छापेमारी की और नशीली दवाओं के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार युवक का नाम मानिक उद्दीन लश्कर है, जो मणिपुर राज्य के जिरीबाम इलाके के काशिमपुर गांव के मृतक अलाउद्दीन लश्कर का बेटा हैं। सेना और पुलिस ने उनके पास से आठ साबुन के डिब्बों में कुल ८८.५ ग्राम हेरोइन जब्त की। असम राइफल्स के सूत्रों के मुताबिक इन दवाओं की बाजार कीमत ३५ लाख रुपये होगी। २९वें असम राइफल्स की सेना ने मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार मानिक उद्दीन को लखीपुर पुलिस को सौंप दिया। गिरफ्तार मानिक उद्दीन के विरुद्ध लखीपुर पुलिस ने एन डी पी एस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी को आज लखीपुर कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस कार्यवाही में त्रिपुरा राज्य की असम राइफल्स की राधानगर बटालियन के एक सैनिक ने सेना की सहायता की।