बाढ़ को रोकने को लेकर नए-नए प्रयोग किए जा रहे हैं : मुख्यमंत्री

गुवाहाटी, 15 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरमा ने कहा है कि असम में बाढ़ की समस्या को लेकर नए-नए प्रयोग किए जा रहे हैं। उन्होंने शनिवार को मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि बरसात के दिनों में गुवाहाटी शहर के पानी को शहर के अलग-अलग हिस्सों में स्थित बिलों (झीलों) में जमा करने का प्रयोग किया जा रहा है। जिसे बरसात के बाद ब्रह्मपुत्र में छोड़ा जाएगा। इस बार प्रयोग के तौर पर पश्चिम गुवाहाटी स्थित विश्व प्रसिद्ध डिपर बिल में गुवाहाटी का पानी छोड़ा गया है। यही वजह है कि शहर के अंदर इस बार कृत्रिम बाढ़ की स्थिति उत्पन्न नहीं हो रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में बाढ़ को कम करने के लिए अलग-अलग तरीके से प्रयोग किए जा रहे हैं। भूटान से प्रत्येक वर्ष कुरिशो बांध से पानी छोड़ने की वजह से निचले असम में भीषण बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होती है। इस बार भूटान सरकार से बात करके पानी को एक तरीके से अलग-अलग चरणों में छोड़ने को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नदियों के किनारे बने तटबंधों के ऊपर सड़कें बनाई गई हैं। जिस कारण इस बार तटबंधों के टूटने में कमी आई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ की रोकथाम के लिए विभिन्न प्रकार के नए प्रयोग किए जा रहे हैं, जिसका परिणाम आने वाले दिनों में देखा जा सकता है।

Leave a Comment