
हमने प्रायः सुना है कि कुछ कर गुजरने का जज़्बा हो तो इनसान कुछ भी हासिल कर सकता है। यदि हौंसले अटल हों तो पत्थर भी पिघलते हैं और नदियाँ रुख बदलती हैं। इन बातों को धुबरी जिले के अलमगंज में स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सत्य चरितार्थ किया है। विद्यालय के छात्र शुभम सिंह ने 12वीं कक्षा की परीक्षा में 93.2 प्रतिशत अंक हासिलकर अव्वल प्रदर्शन किया है। उन्होंने स्कूल भर में पहला स्थान हासिल किया है। इसके अलावा आसिफ अहमद ने 92% अंकों के साथ स्कूल में दूसरा स्थान प्राप्त किया।
प्रभारी प्राचार्य मो. ई. रहमान ने विद्यालय के परिणाम की जानकारी देते हुए बताया कि कक्षा 12 का परिणाम उत्कृष्ट रहा। उन्होंने आगे कहा कि बच्चों के बेहतर प्रदर्शन ने न केवल स्कूल परिवार का बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है। छात्रों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया है। उल्लेखनीय है कि नवोदय विद्यालय भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के तहत स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग द्वारा संचालित एक स्वायत्त निकाय है। इस संस्था का उद्देश्य ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारकर उत्तम गुणवत्ता की शिक्षा प्रदान करना है।
विद्यालय के परिणाम पर सभी शिक्षकों यथा श्रीयुत नुरुल इस्लाम, डॉ जीतेंद्र प्रताप, श्रीयुत नजमुल हसन, सुश्री नयना ब्रह्मा, श्रीयुत एम रशीद, सुश्री सीता देवी, श्री प्रांजल दास, श्रीमती सुमन, श्रीमती अल्का, श्री किसलय, श्रीमती टी वाई लामा आदि ने प्रसन्नता व्यक्त की।