सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर हमले के आरोपी मोहम्मद शरीफ की गोली मारकर हत्या

करीब 17 साल जेल में रहने के बाद पिछले साल नवंबर में हुआ था रिहा, बेटे के साथ थाने से लौटते समय बाइक सवार हमलावरों ने बरसाईं गोलियां

रामपुर, उ.प्र. 11 नवंबर। रामपुर में सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर पर वर्ष 2007 में हुए आतंकी हमले के आरोपी मोहम्मद शरीफ की मंगलवार शाम बाइक सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वह खजुरिया थाने में नियमित हाजिरी लगाने के बाद अपने बेटे वाहिद के साथ बाइक से घर लौट रहा था। थाने से करीब एक किलोमीटर दूर पीछे से आए हमलावरों ने उसकी कनपटी पर सटाकर गोली मार दी। इसके बाद कई राउंड फायरिंग की। हमले में शरीफ गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके बेटे ने भागकर अपनी जान बचाई।

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद फॉरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। बेटे से मिली जानकारी के आधार पर अपाचे बाइक सवार हमलावरों की तलाश की जा रही है। पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

बताया जाता है कि मोहम्मद शरीफ को सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर पर हुए आतंकी हमले के मामले में सत्र न्यायालय ने एक नवंबर 2019 को फांसी की सजा सुनाई थी। हालांकि, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 29 अक्टूबर 2025 को कमजोर जांच और पर्याप्त साक्ष्य नहीं होने का हवाला देते हुए उसे आतंकवाद और हत्या के आरोपों से बरी कर दिया था। अदालत ने शस्त्र अधिनियम के तहत उसे 10 साल की कैद और एक लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी। बाद में उत्तर प्रदेश सरकार ने हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी। मामला शीर्ष अदालत में विचाराधीन है।

करीब साढ़े 17 साल जेल में बिताने के बाद शरीफ 11 नवंबर 2025 को रिहा हुआ था। इसके बाद वह अपने स्वजन के साथ गांव में रह रहा था। उसे महीने में एक बार खजुरिया थाने में हाजिरी लगानी पड़ती थी। मंगलवार शाम वह बेटे के साथ थाने से लौट रहा था, तभी हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया। गोली लगने से घायल शरीफ को पुलिस और परिजन बिलासपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

गौरतलब है कि 31 दिसंबर 2007 की रात सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर पर आतंकियों ने एके-47 राइफलों और हैंड ग्रेनेड से हमला किया था। इस हमले में सीआरपीएफ के सात जवान बलिदान हुए थे, जबकि एक रिक्शा चालक की भी मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था। एक नवंबर 2019 को सत्र न्यायालय ने छह आरोपियों को दोषी ठहराया था, जबकि दो को बरी कर दिया था। दोषियों में कुछ को फांसी, कुछ को उम्रकैद और एक आरोपी को 10 साल की सजा सुनाई गई थी।

Leave a Comment