सिलचर: एन. एन. दत्ता रोड स्थित अरिहंत अपार्टमेंट के बालाजी मंदिर में मंगलवार को हनुमान जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर दिनभर धार्मिक अनुष्ठानों, भजनों और सामूहिक प्रसाद वितरण का भव्य आयोजन हुआ।
सुबह विधिपूर्वक हवन-पूजन संपन्न हुआ, जिसमें मुख्य यजमान के रूप में गुवाहाटी निवासी श्री अशोक कुमार सिंघी एवं श्रीमती ममता देवी सिंघी ने भाग लिया। हवन में कुल 11 भक्तों ने आहुतियाँ दीं। अनुष्ठान के बाद भगवान हनुमान को सवा मण भोग अर्पित किया गया।
सुंदरकांड और भजन संध्या ने बांधा समां
शाम को सुंदरकांड पाठ के साथ भक्ति रस का प्रवाह आरंभ हुआ। इसके पश्चात भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसकी शुरुआत सिलचर के लोकप्रिय गायक परवेश बोथरा ने अपनी मधुर आवाज़ में भक्तिपूर्ण गीतों से की। इसके बाद कोलकाता से पधारे सुविख्यात भजन गायक राहुल गहरवार ने श्रोताओं को अपने भावपूर्ण भजनों से भावविभोर कर दिया। श्रद्धालु भक्त झूमते रहे और वातावरण भक्ति-संगीत से गुंजायमान हो गया।
सामूहिक प्रसाद में उमड़ा जनसैलाब
भजनों के उपरांत मंदिर परिसर में लगभग 600 श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। श्रद्धालुओं ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण बताया।
वार्षिक परंपरा बना भजन संध्या का आयोजन
इस भव्य आयोजन का संचालन समाजसेवी राजेश गुलगुलिया के नेतृत्व में हुआ। श्री गुलगुलिया के प्रयासों से प्रतिवर्ष अरिहंत अपार्टमेंट स्थित हनुमान मंदिर में देशभर से प्रख्यात भजन गायकों को आमंत्रित कर भजन संध्या आयोजित की जाती है, जो अब एक स्थापित परंपरा बन चुकी है।