श्रमिक विरोधी श्रम संहिताएं रद्द करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन
शिलचर, 10 नवंबर। विभिन्न मांगों को लेकर आज शिलचर के इटखोला स्थित श्रम विभाग कार्यालय के समक्ष सीटू से संबद्ध अखिल असम निर्माण श्रमिक यूनियन के सैकड़ों श्रमिकों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। राज्य के विभिन्न हिस्सों से आए श्रमिकों ने इस प्रदर्शन में भाग लिया। पूरे असम में एक साथ इस विरोध कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में श्रमिक विरोधी श्रम संहिताओं को रद्द करना, निर्माण श्रमिकों के ऑनलाइन पंजीकरण में आ रही जटिलताओं को दूर करना, न्यूनतम मजदूरी में वृद्धि, पेंशन राशि बढ़ाने और उसका समय पर भुगतान सुनिश्चित करने तथा सभी बकाया राशि का तत्काल भुगतान करने जैसी मांगें शामिल थीं।
प्रदर्शन के दौरान कछार के सहायक श्रम आयुक्त कार्यालय से बाहर आए और आंदोलनकारियों से ज्ञापन प्राप्त किया। उन्होंने ज्ञापन को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर यूनियन के महासचिव सुरजीत घोष, बिमल दास, सीटू के जिला अध्यक्ष सुप्रिय भट्टाचार्य तथा किसान सभा के सचिव सुभाष देव सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।
सभा में घोषणा की गई कि आगामी 1, 2 और 3 दिसंबर को सीटू के आह्वान पर दिल्ली में आयोजित होने वाले लाखों श्रमिकों के समागम में कछार जिले से भी सौ से अधिक श्रमिक हिस्सा लेंगे। इसके मद्देनजर आगामी 21 नवंबर को शिलचर में भी श्रमिक सभा और जुलूस आयोजित किया जाएगा।