माइकल मधुसूदन सरणी, विद्यासागर सरणी समेत विस्तृत क्षेत्र के हजारों लोग वर्षों से जलजमाव की समस्या से परेशान
शिलचर, 20 जुलाई। शिलचर शहर के माइकल मधुसूदन सरणी, विद्यासागर सरणी सहित आसपास के विस्तृत इलाकों में जलजमाव और विभिन्न नागरिक समस्याओं को लेकर स्थानीय निवासियों में गहरा असंतोष व्याप्त है। समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों की ओर से असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व शर्मा को ज्ञापन सौंपा गया है।
सोमवार को क्षेत्रवासियों की ओर से राजदीप दाम, अरूप गोस्वामी, गौतम दे, समरेंद्र आचार्य सहित अन्य लोगों ने नागरिकों की समस्याओं को सामने रखते हुए कहा कि जलजमाव के कारण लोगों का सामान्य जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। बारिश के बाद सड़कों और आसपास के इलाकों में पानी जमा हो जाने से आवागमन, स्वास्थ्य और दैनिक जीवन में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, माइकल मधुसूदन सरणी और विद्यासागर सरणी क्षेत्र के लोग पिछले सात-आठ वर्षों से जलजमाव की समस्या से जूझ रहे हैं। क्षेत्र के एक हजार से अधिक निवासी इस समस्या के स्थायी समाधान की प्रतीक्षा कर रहे हैं। लोगों ने मुख्यमंत्री से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर जलनिकासी व्यवस्था में सुधार तथा जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है।