शिलचर की बदहाल सड़कों, जलभराव और प्रशासनिक उदासीनता के खिलाफ संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने सौंपा ज्ञापन, 10 दिनों में बैठक की मांग।

शिलचर की बदहाल सड़कों, जलभराव और प्रशासनिक उदासीनता के खिलाफ संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने सौंपा ज्ञापन, 10 दिनों में बैठक की मांग।
चंद्रशेखर ग्वाला शिलचर, 5 जून: शिलचर शहर के विभिन्न सक्रिय सामाजिक संगठनों और विशिष्ट नागरिकों के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को कछार जिला आयुक्त के नाम एक ज्ञापन अतिरिक्त जिला आयुक्त  राजीव राय के माध्यम से सौंपा। यह संयुक्त ज्ञापन सौंपने का निर्णय 1 जून 2026 को “यूथ्स अगेंस्ट सोशल ईविल्स (यासी)” की केंद्रीय समिति द्वारा आयोजित नागरिक सभा में लिया गया था।
कछार जिला बार एसोसिएशन, ऑल इंडिया यूनाइटेड ट्रेड यूनियन सेंटर, नागरिक स्वार्थ रक्षा संग्राम परिषद, सीआरपीसी, प्रगतिशील नागरिक समन्वय मंच, बराक डेमोक्रेटिक फ्रंट, यूनाइटेड फोरम फॉर बराक वैली डेवलपमेंट, यासी तथा अन्य संगठनों ने संयुक्त रूप से शिलचरवासियों के विभिन्न अधिकारों और जनहित से जुड़े मुद्दों के समर्थन में यह पहल की।
ज्ञापन में जिला प्रशासन के समक्ष शहर की कई ज्वलंत समस्याओं को उठाया गया। साथ ही जनहित के कार्यों में लोक निर्माण विभाग, एनएचआईडीसीएल , नगर निगम, जल संसाधन विभाग तथा अन्य संबंधित प्राधिकरणों की उदासीनता और लापरवाही पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई।
       प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि विभिन्न सरकारी विभागों की घोर उपेक्षा के कारण शिलचर शहर की आंतरिक सड़कों की स्थिति अत्यंत दयनीय हो गई है। विशेष रूप से कछार कॉलेज प्वाइंट से मेहरपुर होते हुए असम विश्वविद्यालय तक का सड़क मार्ग बदहाल अवस्था में है। इसके अतिरिक्त प्रशासनिक अनदेखी के चलते शहर में नियमित रूप से बेमौसम बाढ़, भीषण जलभराव, जर्जर सड़कें और अव्यवस्थित जल निकासी व्यवस्था जैसी समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं।
बैठक के दौरान कछार जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दुलाल मित्र, साधन पुरकायस्थ, अधिवक्ता ध्रुव कुमार साहा, दीपक सेनगुप्ता, सुब्रत चंद्र नाथ, जयदीप भट्टाचार्य, सिविल इंजीनियर अनिर्बाण भौमिक, बिमल कांती दे, सत्यजीत गुप्ता, प्रणब दत्त, अंजन कुमार चंद तथा संजीव राय ने विभिन्न समस्याओं के तकनीकी और व्यावहारिक पहलुओं को विस्तार से रखा।
संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने डीडीसी राजीव राय से जोरदार मांग की कि आगामी 7 से 10 दिनों के भीतर सभी संबंधित सरकारी विभागों, सामाजिक संगठनों और प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों को शामिल करते हुए एक संयुक्त बैठक आयोजित की जाए, ताकि समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकें।
साथ ही प्रतिनिधिमंडल ने शिलचर शहर में सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य तत्काल शुरू करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो शहर के विभिन्न प्रमुख सामाजिक, सांस्कृतिक और खेल संगठनों को संयुक्त रूप से व्यापक जनआंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
डीडीसी राजीव राय ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को धैर्यपूर्वक सुना और आश्वासन दिया कि उठाए गए सभी मुद्दों और समस्याओं को संबंधित उच्च अधिकारियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा।

Leave a Comment