शिलचर से रानू दत्त की रिपोर्ट: शास्त्रीय विधि-विधान के अनुसार सात्त्विक वातावरण में दुर्गापूजा आयोजित करने की पहल संस्कृति चेतना न्यास ने की है। इस वर्ष शिलचर टाउन क्लब मैदान में नवगठित संगठन की ओर से सार्वजनिक श्रीश्री दुर्गापूजा का आयोजन किया जाएगा।
रविवार को शिलचर में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में संगठन के अध्यक्ष एवं गुरुचरण विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. निरंजन राय, उपाध्यक्ष शिक्षाविद् डॉ. विभास देव तथा सचिव शंकर दास ने पूजा की विभिन्न तैयारियों और योजनाओं की जानकारी दी।
न्यास के पदाधिकारियों ने बताया कि गत 30 जून को नागरिक सभा के माध्यम से संगठन का गठन किया गया था। वर्तमान में लगभग 200 सदस्यों को लेकर विस्तारित दुर्गापूजा समिति एवं ट्रस्ट का गठन किया गया है। आयोजकों के अनुसार, यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसके माध्यम से नागरिक कर्तव्य, सामाजिक चेतना, पर्यावरण जागरूकता तथा बंगाली शास्त्रीय संस्कृति और परंपरा को सामने लाना मुख्य उद्देश्य है। उनके अनुसार, यह एक सांस्कृतिक आंदोलन की शुरुआत है।
इस वर्ष की पूजा में विशेष रूप से सात्त्विक वातावरण पर जोर दिया जा रहा है। आयोजकों ने स्पष्ट किया कि पूजा में किसी भी प्रकार की बलि नहीं दी जाएगी। कुमारी पूजा, मातृ-पितृ पूजा, चंडी पाठ सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। प्रतिदिन शाम को शास्त्रीय सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।
पूजा परिसर में श्रद्धालुओं के लिए कई आकर्षण भी रहेंगे। कला एवं संस्कृति विभाग के विशेषज्ञों के प्रयास से बालू-पत्थर से ‘अखंड भारत’ का सांस्कृतिक मानचित्र तैयार किया जाएगा। इसके अलावा आध्यात्मिक पुस्तकों के स्टॉल, कुटीर उद्योग की प्रदर्शनी तथा स्थानीय पीठा-पुली के स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
पर्यावरण एवं परंपरा संरक्षण का संदेश देने के लिए विसर्जन समारोह में भी विशेष व्यवस्था की गई है। आयोजकों ने बताया कि विसर्जन के दौरान किसी प्रकार के डीजे साउंड का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। शंखध्वनि, उलुध्वनि, ढाक की थाप, रवींद्र संगीत और भजनों के साथ अनुशासित तरीके से विसर्जन संपन्न करने की योजना है। दोपहर 12 बजे से विसर्जन की तैयारियां शुरू कर शाम 3 बजे तक इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए पंडाल में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग मार्ग, स्वयंसेवकों की व्यवस्था तथा प्रसाद वितरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी। पूजा का आयोजन पुलिस परेड ग्राउंड के सामने स्थित टाउन क्लब मैदान में किया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि पूजा के उद्घाटन के लिए असम के राज्यपाल और मुख्यमंत्री को आमंत्रित किया गया है। साथ ही संस्कृति चेतना न्यास ने समस्त बराकवासियों से इस आयोजन से जुड़ने और सहयोग करने का आह्वान किया है।