विश्व पर्यावरण दिवस पर खासपुर चाय बागान में वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
शिलचर, 5 जून 2026: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को बराक उपत्यका बाक्ति/बाग्दी समाज कल्याण समिति की ओर से खासपुर चाय बागान क्षेत्र में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण के लिए लोगों को प्रेरित करना था।
इस अवसर पर समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान विश्व पर्यावरण दिवस की महत्ता, जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता संरक्षण तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की गई।
समिति के अध्यक्ष श्री ललित बाक्ति ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए वृक्षारोपण को जन-आंदोलन बनाना आवश्यक है।
कार्यक्रम में बराक उपत्यका बाक्ति/बाग्दी समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष श्री ललित बाक्ति, सचिव श्री विष्णु पद बाग्दी तथा कोषाध्यक्ष श्री प्रदीप बाग्दी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
अंत में सभी ने पर्यावरण संरक्षण एवं अधिकाधिक वृक्षारोपण के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आने का आह्वान किया।