सीआरपीएफ के सात जवानों की शहादत का बदला लेने का दावा, दो अज्ञात हमलावरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
रामपुर (उत्तर प्रदेश): उत्तर प्रदेश के रामपुर में वर्ष 2007 के सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर आतंकी हमले के मामले में अदालत से बरी हुए मोहम्मद शरीफ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद सोशल मीडिया पर राहुल नाम के एक व्यक्ति की पोस्ट सामने आई है, जिसमें हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा करते हुए इसे सीआरपीएफ के सात जवानों की शहादत का बदला बताया गया है। पोस्ट में मामले के अन्य आरोपितों को भी चेतावनी दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शरीफ मंगलवार शाम अपने बेटे के साथ थाने में नियमित हाजिरी लगाने के बाद घर लौट रहा था। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गंभीर रूप से घायल शरीफ की मौत हो गई, जबकि उसके बेटे ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
अदालत से मिली थी फांसी की सजा, हाईकोर्ट ने किया था बरी
गौरतलब है कि 31 दिसंबर 2007 को रामपुर स्थित सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर पर आतंकियों ने एके-47 राइफल और हैंड ग्रेनेड से हमला किया था। इस हमले में सीआरपीएफ के सात जवान शहीद हो गए थे, जबकि एक रिक्शा चालक की भी मौत हुई थी। इस मामले में मोहम्मद शरीफ को सत्र न्यायालय ने एक नवंबर 2019 को फांसी की सजा सुनाई थी। हालांकि, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 29 अक्टूबर 2025 को उसे बरी कर दिया था। हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील भी दायर की गई थी।
जेल से रिहा होने के बाद शरीफ अपने पैतृक गांव में रह रहा था और उसे महीने में एक बार थाने में हाजिरी लगानी पड़ती थी।
सोशल मीडिया पोस्ट से मचा हड़कंप
हत्या के बाद एक्स पर राहुल नामक व्यक्ति के अकाउंट से एक पोस्ट सामने आई। इसमें दावा किया गया कि शरीफ की हत्या सीआरपीएफ के सात जवानों की शहादत का बदला लेने के लिए की गई है। पोस्ट में ‘जय श्रीराम, जय महाकाल, जोहार झारखंड’ लिखने के साथ अन्य आरोपितों को भी तैयार रहने की चेतावनी दी गई है। पोस्ट के अंत में ‘आजाद सरकार’ लिखा गया है।
हालांकि, इस पोस्ट की वास्तविकता और इसे जारी करने वाले व्यक्ति की पहचान की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने दो अज्ञात हमलावरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। एक फुटेज में बाइक गुजरती दिखाई दे रही है, लेकिन उसका नंबर स्पष्ट नहीं हो पाया है।
एसपी अनुराग सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर सामने आई पोस्ट किसने की है, इसकी जांच की जा रही है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास भी जारी हैं। उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ के शहीद जवानों के परिजनों द्वारा बदला लेने के पहलू समेत सभी संभावित कोणों से मामले की जांच की जा रही है।
पोस्टमार्टम में छह गोलियां लगने की पुष्टि
शरीफ के शव का बुधवार को दो डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। रिपोर्ट के अनुसार, उसे पिस्टल से छह गोलियां मारी गई थीं। इनमें दो गोलियां शरीर को पार कर गईं, जबकि चार शरीर के भीतर मिलीं। सिर में लगी गोली को मौत का प्रमुख कारण बताया गया है।
पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में जुटी है।