भारतमाला परियोजना में मुआवजा घोटाले की आशंका पर बड़ा एक्शन, कछार के अरकाटीपुर में सैकड़ों अवैध निर्माण ध्वस्त।
चंद्रशेखर ग्वाला शिलचर, 5 जून: कछार जिले के उधारबंद क्षेत्र के अरकाटीपुर और दयापुर इलाकों में शुक्रवार को जिला प्रशासन ने एक विशाल अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। भारतमाला परियोजना के तहत निर्माणाधीन सड़क के लिए मिलने वाले मुआवजे की राशि हड़पने के उद्देश्य से कृषि भूमि पर खड़े किए गए कथित अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने के लिए यह कार्रवाई की गई।
सुबह से ही 20 से अधिक बुलडोजरों की मदद से शुरू हुए अभियान में सैकड़ों अवैध मकानों, टिन शेडों और अन्य अस्थायी संरचनाओं को गिराया गया। प्रशासन के अनुसार, भारतमाला परियोजना के लिए अधिग्रहित की जाने वाली भूमि पर रातों-रात बड़ी संख्या में अवैध निर्माण किए गए थे, ताकि सरकारी मुआवजे के रूप में मिलने वाली भारी रकम का लाभ उठाया जा सके।
जानकारी के अनुसार, एक संगठित गिरोह ने परियोजना से जुड़ी भूमि पर अवैध घर, टिन की छत वाले ढांचे और नर्सरियां बनाकर सरकारी धन के दुरुपयोग की योजना तैयार की थी। इस कथित साजिश की जानकारी सामने आने के बाद कछार जिला प्रशासन सक्रिय हुआ और विस्तृत जांच के बाद बड़े पैमाने पर उच्छेद अभियान शुरू किया गया।
अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगभग 1,000 पुलिसकर्मियों तथा सीआरपीएफ के जवानों को तैनात किया गया। प्रशासन की कड़ी निगरानी में चल रही यह कार्रवाई अब तक पूरी तरह शांतिपूर्ण रही है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की अनियमितता, अवैध कब्जे अथवा सरकारी मुआवजे की राशि के दुरुपयोग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।