बड़खोला में शांतिपूर्ण मतदान, केंद्रों पर उमड़ा जनसैलाब
शिव कुमार, शिलचर, 9 अप्रैल:
असम विधानसभा चुनाव के अंतर्गत बड़खोला विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार को शांतिपूर्ण माहौल में मतदान सम्पन्न हो गया। सुबह से ही भोराखाई, घुंघुर, शिलकुड़ी, धरमखाल और बारीकनगर सहित विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। मतदान प्रारंभ होते ही लोगों में अपने मताधिकार के प्रति उत्साह स्पष्ट रूप से नजर आया।
सुबह के समय ही बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बुजुर्ग मतदाता मतदान केंद्रों पर पहुंच गए। पूरे दिन मतदान शांतिपूर्ण ढंग से चलता रहा। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिसके चलते कहीं से भी किसी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। चुनाव कर्मियों की सक्रियता के कारण मतदान प्रक्रिया सुव्यवस्थित रही और मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
दिनभर शांतिपूर्ण वातावरण में मतदान जारी रहने के बाद बिना किसी बड़े व्यवधान के प्रक्रिया सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गई। क्षेत्र में लोकतंत्र के इस महापर्व को लेकर सभी वर्गों में खासा उत्साह देखने को मिला और मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।
इसी दौरान कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. अमित कलवार ने विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और मतदाताओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि इस बार जनता बदलाव के मूड में दिखाई दे रही है और स्वच्छ छवि व नई सोच वाले नेतृत्व की मांग स्पष्ट है।
डॉ. कलवार ने विश्वास जताया कि उनके द्वारा किए गए कार्यों के आधार पर जनता उन्हें सेवा का एक और अवसर देगी। उन्होंने बताया कि अधिकांश केंद्रों पर मतदान शांतिपूर्ण रहा, हालांकि माशिमपुर और मासू घाट के कुछ केंद्रों से हल्की तकनीकी एवं व्यवस्थागत शिकायतें सामने आईं, जिन्हें समय रहते दूर कर लिया गया।
उन्होंने अपनी जीत को लेकर आशा व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जनता पर पूरा भरोसा है और उन्होंने हमेशा जाति-धर्म से ऊपर उठकर सभी वर्गों के हित में कार्य किया है।
कुल मिलाकर बड़खोला विधानसभा क्षेत्र में शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच मतदान सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया।