प्रिंट मीडिया लोकतंत्र की मजबूत नींव, इसे अधिक महत्व देना चाहिए : विजय कुमार गुप्ता

प्रिंट मीडिया लोकतंत्र की मजबूत नींव, इसे अधिक महत्व देना चाहिए : विजय कुमार गुप्ता

राजु दे शिलचर/ गौहाटी, 6 जून : गुवाहाटी के विधायक ने प्रिंट मीडिया की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बावजूद समाचार पत्रों की विश्वसनीयता और सामाजिक जिम्मेदारी आज भी कायम है। उन्होंने कहा कि सरकार को प्रिंट मीडिया को अधिक महत्व देने तथा इसके संरक्षण और सशक्तिकरण के लिए आवश्यक कदम उठाने चाहिए।

शिलचर के इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पत्रकार राजू दे के साथ एक विशेष बातचीत में विधायक से हिंदी दैनिक प्रेरणा भारती का सरकारी विज्ञापन बंद होने के संबंध में प्रश्न पूछा गया। इसके उत्तर में विजय कुमार गुप्ता ने कहा कि सोशल मीडिया जहां सूचना के त्वरित प्रसार का माध्यम है, वहीं इसके कई दुष्प्रभाव भी देखने को मिलते हैं। कई बार अपुष्ट और भ्रामक जानकारी भी तेजी से फैल जाती है, जिससे समाज में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

उन्होंने कहा कि प्रिंट मीडिया तथ्यों की जांच-परख के बाद समाचार प्रकाशित करता है, इसलिए इसकी विश्वसनीयता अधिक होती है। विधायक ने माना कि लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने में समाचार पत्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और सरकार को इस क्षेत्र को प्रोत्साहित करने के लिए सकारात्मक पहल करनी चाहिए।

विजय कुमार गुप्ता के इस बयान को प्रिंट मीडिया के प्रति समर्थन और उसकी प्रासंगिकता को रेखांकित करने वाला महत्वपूर्ण संदेश माना जा रहा है।

Leave a Comment