शिलचर, 23 सितंबर। शिलचर नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। चुनावी तैयारियों के बीच नेशनल हाईवे रोड पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नए कार्यालय का उद्घाटन किया गया। इसके बाद एक जनसभा का भी आयोजन किया गया, जिसमें पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
जनसभा में शिलचर के विधायक राजदीप राय, रामकृष्णनगर के विधायक विजय मालाकार, भाजपा अध्यक्ष रूपम साहा, उम्मीदवार राजेश्री राय, प्रसंजित भट्टाचार्य सहित पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सभा को संबोधित करते हुए विधायक राजदीप राय ने कहा कि शिलचर को नगर निगम में उन्नत किए जाने के बाद सांसद और विधायक के स्तर पर शहर के समग्र विकास की योजनाएं तैयार की गई हैं। उन्होंने बताया कि नवगठित शिलचर नगर निगम में 42 वार्ड और लगभग 2.70 लाख मतदाता हैं।
उन्होंने कहा कि कुछ कानूनी जटिलताओं के कारण अब तक नगर निगम का चुनाव नहीं हो सका था। अब चुनाव कराने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है।
सभा में वक्ताओं ने आगामी नगर निगम चुनाव की तैयारियों तथा शिलचर के सुनियोजित एवं विकसित शहर के रूप में विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। नेताओं ने चुनाव को लेकर संगठनात्मक तैयारियों और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी भी कार्यकर्ताओं के साथ साझा की।