डिब्रूगढ़, 21 मार्च , संदीप अग्रवाल
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी डिब्रूगढ़ की प्रख्यात धार्मिक संस्था श्री श्याम सेवा समिति के तत्वावधान में खाटू धामाधिपति श्री श्याम प्रभु का फाल्गुन महोत्सव डिब्रूगढ़ में गत दिनांक 19 मार्च को बड़ी ही श्रद्धा एवं धूमधाम से मनाया गया | संध्या 5.31 बजे से शहर के शनि मंदिर रोड स्थित मारवाड़ी हिंदी हाई स्कूल से बाबा श्याम की आरती के पश्चात मनमोहक झांकी एवं गाजे बाजे से सुशोभित एक रंगारंग शोभायात्रा निकाली गयी , जो शहर के लगभग सभी प्रमुख मार्गों का परिभ्रमण कर पुनः मारवाड़ी हिंदी हाई स्कूल पहुंची | शोभायात्रा में सर्वप्रथम
प्रथम पूज्य भगवान गणपति की चलित झांकी , बाबा का लीला घोड़ा , उसके बाद गुजराती थीम पर सजे एक वाहन पर बाबा श्री श्याम सहित हनुमान जी की मनमोहक झांकी ने सभी का मन मोह लिया | झांकी में गुजरात तथा राजस्थानी संस्कृति का मिश्रण झलक रहा था | बाबा की झांकी पर पुष्प वर्षा भी की गई |
झांकी के आगे श्यामभक्तों द्वारा जल से रास्ते को धोया जा रहा था एवं श्याम भक्त स्वयं अपने हाथों में झाड़ू लिये बाबा की सवारी आने के लिये रास्ता साफ कर रहे थे | सैकड़ों की संख्या में पुरुषों ने सफेद चोला एवं महिलाओं ने भी एक जैसी साड़ी पहन कर इस निशान पदयात्रा में भाग लिया | सभी हाथों में निशान लिए उसे लहराते हुए बाबा श्याम के जयकारों से आसमान को गुंजायमान कर रहे थे | हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी डिब्रूगढ़ के श्याम भक्त कृष्णा मोदी और शिव कुमार जितानी रास्ते भर कच्छी घोड़ी को नचाते हुए अपनी सेवा प्रदान कर रहे थे | छोटे छोटे बच्चें मयूर का रूप धारण किए हुए थे |
मारवाड़ी हिंदी हाई स्कूल में शोभायात्रा के पहुंचने के बाद सभी ने अमृत प्रसाद भी ग्रहण किया | इस वर्ष श्री श्याम सेवा समिति द्वारा शहर के हृदयस्थली माने जाने वाले हनुमान सिंघानिया रोड को भी बाबा के सुंदर निशानों से सजाया गया | कार्यक्रम के दूसरे दिन अर्थात 20 मार्च को डिब्रूगढ़ के श्याम भक्त श्री श्याम कल्पवृक्ष , पानीतोला की ओर रवाना हुए और कांजीखोवा से अपने हाथों में बाबा का निशान लिये पानीतोला की ओर प्रस्थान करते हुए , वहाँ पहुँचकर बाबा को अपना निशान अर्पित किया | ज्ञात हो की डिब्रूगढ़ की यह धार्मिक संस्था स्थापना से अब तक सफलतापूर्वक धार्मिक आयोजन करती आ रही हैं | इससे पहले गत 17 मार्च को समिति के सभी सदस्यों ने मारवाड़ी हिंदी हाई स्कूल प्रांगण में जमा होकर बाबा के दरबार के समक्ष श्री श्याम अखण्ड ज्योति पाठ किया , बाबा को छप्पन भोग का प्रसाद अर्पित किया गया | यह जानकारी श्री श्याम सेवा समिति के सदस्य संदीप अग्रवाल द्वारा दी गई है |